भारत में Apple Pay की एंट्री तय! जानिए लॉन्च टाइमलाइन, फीचर्स और UPI से जुड़ी बड़ी अपडेट
भारत का डिजिटल पेमेंट बाजार लगातार तेजी से बढ़ रहा है और अब इस दौड़ में Apple भी उतरने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple जल्द ही भारत में Apple Pay सर्विस लॉन्च कर सकता है। कंपनी फिलहाल Visa और Mastercard जैसे ग्लोबल कार्ड नेटवर्क्स से बातचीत कर रही है और देश में जरूरी रेगुलेटरी अप्रूवल्स हासिल करने की कोशिश में जुटी है।
Moneycontrol की रिपोर्ट के अनुसार, अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो Apple इस साल भारत में Apple Pay की शुरुआत कर सकता है। यह कदम भारतीय डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है, क्योंकि अब तक Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे UPI-बेस्ड ऐप्स ही बाजार पर हावी रहे हैं।

चरणों में होगा Apple Pay का भारत में एंट्री
इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि Apple Pay की भारत में एंट्री फेज वाइज यानी चरणों में की जाएगी।
पहले चरण में Apple, कार्ड-बेस्ड कॉन्टैक्टलेस पेमेंट पर फोकस करेगा। इसका मतलब है कि यूजर्स अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड्स को Apple Wallet में सेव करके, NFC के जरिए भुगतान कर सकेंगे।
दूसरे चरण में कंपनी भारत की लोकप्रिय भुगतान प्रणाली UPI (Unified Payments Interface) से इंटीग्रेशन पर काम कर सकती है। हालांकि इसके लिए Apple को अलग से रेगुलेटरी मंजूरी लेनी होगी, क्योंकि UPI की संरचना कार्ड-बेस्ड सिस्टम से बिल्कुल अलग है।
फीस स्ट्रक्चर को लेकर जारी है बातचीत
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि Apple फिलहाल कार्ड इश्यू करने वाली बैंकों और संस्थानों के साथ फीस स्ट्रक्चर को लेकर बातचीत कर रहा है। Apple अपने पेमेंट गेटवे तक पहुंच के लिए चार्ज लेने की योजना बना सकता है, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बननी बाकी है।
गौरतलब है कि Apple Pay पहले से ही दुनिया के 89 देशों में अपनी सेवाएं दे रहा है और वहां इसे काफी पसंद भी किया जाता है।
क्यों आसान नहीं है भारत में Apple Pay लॉन्च करना?
भारत में Apple Pay को सीधे TPAP (Third Party Application Provider) के रूप में लॉन्च करना फिलहाल मुश्किल माना जा रहा है। इसकी वजह यह है कि TPAP बनने के लिए Apple को एक अलग रेगुलेटरी फ्रेमवर्क से गुजरना होगा, जिसमें पेमेंट आर्किटेक्चर कार्ड-बेस्ड सिस्टम से काफी अलग होता है।
इसी वजह से शुरुआती दौर में Apple UPI से दूरी बनाए रख सकता है और पहले केवल कार्ड पेमेंट मॉडल पर काम करेगा।
Apple Pay कैसे करता है काम?
- Apple Pay, Apple की सहायक कंपनी Apple Payment Services द्वारा संचालित होता है।
- लॉन्च के बाद यूज़र अपने क्रेडिट या डेबिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ सकेंगे और फिर अपने iPhone या Apple Watch से NFC के जरिए किसी भी PoS मशीन पर टैप कर भुगतान कर पाएंगे।
- फिलहाल भारतीय कार्ड Apple Wallet के साथ संगत नहीं हैं, लेकिन भारत में लॉन्च के साथ यह सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
भारत क्यों बन गया Apple के लिए अहम बाजार?
Apple की भारत में मौजूदगी बीते कुछ वर्षों में काफी तेजी से बढ़ी है। iPhone की लोकल मैन्युफैक्चरिंग से लेकर Apple स्टोर्स के खुलने तक, कंपनी भारत को एक बड़े ग्रोथ मार्केट के तौर पर देख रही है। ऐसे में Apple Pay का भारत में आना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
Apple Pay का भारत में संभावित लॉन्च डिजिटल पेमेंट सेक्टर में एक नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर सकता है। हालांकि अभी तक Apple की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो आने वाले महीनों में भारत के यूज़र्स को एक नया और प्रीमियम पेमेंट एक्सपीरियंस मिल सकता है। अब बस Apple की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है ।


Click it and Unblock the Notifications








