Facebook यूजर्स को मिला एक्स्ट्रा प्रोटेक्शन! Passkey से होगा लॉगिन, खत्म हुई पासवर्ड याद रखने की झंझट
Facebook Passkey Option: Meta का सोशल प्लेटफॉर्म फेसबुक एक नए अपडेट के साथ सामने आया है। ये फेसबुक यूजर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी है क्योंकि अब मेटा (Meta) ने फेसबुक में पासकी (Passkey) लॉगिन सपोर्ट की शुरुआत कर दी है। इसका मतलब है कि अब आपको बार-बार पासवर्ड याद रखने या टाइप करने की जरूरत नहीं होगी।
यह सुविधा अभी iOS और Android मोबाइल डिवाइसेज पर उपलब्ध कराई जा रही है और आने वाले महीनों में मैसेंजर (Messenger) में भी यह सपोर्ट मिलने वाला है। यहां हम जानेंगे कि आप इसका इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।

पासकी क्या है?
पासकी एक नया और सुरक्षित लॉगिन सिस्टम है, जिसमें यूजर को पासवर्ड की जरूरत नहीं होती। इसकी जगह आपके डिवाइस का बायोमेट्रिक सिस्टम जैसे फेस आईडी, फिंगरप्रिंट सेंसर या स्क्रीन अनलॉक पिन काम करता है। बता दें कि एपल और गूगल पहले ही इस तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं और अब मेटा भी फेसबुक और मैसेंजर पर इस फीचर को लागू कर रहा है।
फेसबुक का कहना है कि पासकी के जरिए लॉगिन करना न सिर्फ तेज और आसान होगा, बल्कि यूजर्स को पासवर्ड भूलने की चिंता से भी छुटकारा मिलेगा। अब सवाल उठता है कि इसके क्या फायदे हैं और इसे कैसे सेट कर सकते हैं।
पासकी से लॉगिन के फायदे
- पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं
- तेज और आसान लॉगिन प्रोसेस
- फेस आईडी, फिंगरप्रिंट या स्क्रीन पिन से लॉगिन
- मेटा पे (Meta Pay) में भी मिलेगी सुविधा
- मैसेंजर एन्क्रिप्शन में भी मिलेगा इस्तेमाल
- प्रोटेक्टेड और प्राइवेसी-फ्रेंडली
इसके साथ मेटा ने यह भी साफ कर दिया है कि आपके बायोमेट्रिक डेटा को कंपनी न तो स्टोर करती है और न ही किसी के साथ शेयर करती है।

कैसे सेट करें पासकी?
- इसके लिए सबसे पहले फेसबुक ऐप खोलें।
- अब Settings (सेटिंग्स) में जाएं।
- इसके बाद Accounts Center > Password and Security ऑप्शन में जाएं।
- यहां Create Passkey पर टैप करें।
- अब अपनी डिवाइस में फिंगरप्रिंट, फेस आईडी या पिन ऑप्शन चुनें।
इंस्टाग्राम में भी आ सकता है सपोर्ट
फिलहाल यह फीचर फेसबुक के लिए शुरू हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में मैसेंजर और इंस्टाग्राम जैसे अन्य मेटा ऐप्स में भी पासकी लॉगिन का सपोर्ट दिया जाएगा। अगर आप किसी ऐसे डिवाइस पर स्विच करते हैं, जो पासकी सपोर्ट नहीं करता, तो भी आप पुराने पासवर्ड लॉगिन का इस्तेमाल कर पाएंगे।
पासकी तकनीक भविष्य की ओर एक और कदम है, जो न केवल सुविधा बढ़ाता है, बल्कि डिजिटल सुरक्षा को भी मजबूत करता है। यदि आप भी फेसबुक यूजर हैं, तो आज ही इस सुविधा को एक्टिवेट कर इसका लाभ उठाएं।


Click it and Unblock the Notifications








