Gmail अलर्ट पर फैली अफवाह, Google ने बताई सच्चाई; जानें फेक मैसेज कैसे रहे सेफ
Google Gmail Alert: पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर यह खबर वायरल हो रही थी कि Google ने 2.5 बिलियन Gmail यूजर्स को पासवर्ड बदलने की इमरजेंसी चेतावनी जारी की है। कई रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स ने इसे लेकर दहशत फैला दी। लेकिन हकीकत यह है कि गूगल ने ऐसा कोई अलर्ट जारी ही नहीं किया।
कंपनी ने साफ कहा है कि यह दावा पूरी तरह झूठा है और इसके पीछे असल मकसद लोगों को फेक अलर्ट के जरिए फंसाना हो सकता है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

Google का बयान
गूगल ने 1 सितंबर को आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि हम अपने यूज़र्स को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि Gmail की सुरक्षा बेहद मजबूत और प्रभावी है। हाल में जो रिपोर्ट्स आईं कि हमने सभी Gmail यूज़र्स को कोई बड़ा सिक्योरिटी अलर्ट भेजा है, वह पूरी तरह झूठी हैं। हमारे सिस्टम रोज़ाना 99.9% से ज्यादा फिशिंग और मैलवेयर अटैक को ब्लॉक करते हैं।
कंपनी ने यह भी जोड़ा कि यूजर्स को हमेशा सावधान रहना चाहिए क्योंकि फिशिंग करने वाले ऐसे मौके पर घबराहट का फायदा उठाकर अकाउंट हैक करने की कोशिश करते हैं।
क्यों फैली अफवाह?
जून 2025 में साइबरक्रिमिनल ग्रुप ShinyHunters ने Google की Salesforce डेटाबेस में सेंध लगाई थी। यह डेटाबेस छोटे और मंझोले बिजनेस कस्टमर्स का डेटा मैनेज करने के लिए इस्तेमाल होता है। हालांकि Google ने साफ कर दिया कि इस घटना से Gmail, Google Drive या किसी पासवर्ड व फाइनेंशियल डेटा पर कोई असर नहीं पड़ा।
इसके बावजूद कई रिपोर्ट्स और ब्लॉग्स ने इसे Gmail से जोड़ दिया और कहा कि यूज़र्स को तुरंत पासवर्ड बदलना चाहिए। यही झूठा डर अब हैकर्स के लिए सबसे बड़ा हथियार बन गया।
कैसे काम करते हैं ये फेक Gmail अलर्ट?
हैकर्स पहले कोई नकली ईमेल या SMS भेजते हैं, जिसमें लिखा होता है कि आपका Gmail हैक हो गया है। उसमें पासवर्ड बदलने का लिंक या फोन नंबर दिया जाता है। जैसे ही यूज़र उस लिंक पर क्लिक करके नया पासवर्ड दर्ज करता है, वही पासवर्ड सीधे हैकर्स तक पहुंच जाता है।
इसके बाद हैकर आपके पूरे Gmail अकाउंट और उससे जुड़े डेटा पर कंट्रोल कर लेता है। यानी असली खतरा Google से नहीं बल्कि उन फेक नोटिफिकेशन और सोशल इंजीनियरिंग ट्रिक्स से है जो हैकर्स इस्तेमाल करते हैं।
क्या करें Gmail यूजर्स?
गूगल ने यूज़र्स को कुछ बेस्ट प्रैक्टिसेस फॉलो करने की सलाह दी है, आइए उनके बारे में जानते हैं।
Passkeys का इस्तेमाल करें - ये पासवर्ड से कहीं ज्यादा सुरक्षित विकल्प है।
Two-Factor Authentication (2FA) ऑन करें - इससे पासवर्ड लीक होने पर भी अकाउंट में कोई घुसपैठ न हो सके।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें - हमेशा ईमेल भेजने वाले का सोर्स जांचें।
फिशिंग मेल को तुरंत रिपोर्ट करें - Gmail में 'Report Phishing' का विकल्प मौजूद है।
इस पूरे मामले से यही साबित होता है कि इंटरनेट पर फैलने वाली अफवाहें कभी-कभी असली खतरे से ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती हैं। अगर आप भी अचानक आए किसी ईमेल, SMS या कॉल में 'अकाउंट हैक' का डर दिखाकर पासवर्ड बदलने का मैसेज पाते हैं, तो घबराएँ नहीं। हमेशा पहले गूगल की ऑफिशियल वेबसाइट या ब्लॉग पर जाकर जानकारी चेक करें।


Click it and Unblock the Notifications







