Google ने 2024 में हटाए 16 लाख ऐप्स और बैन किए 1.50 लाख से ज्यादा डेवलपर; जानिए क्या है इसकी वजह
Google Removed 16 lakh Apps: Google ने साल 2024 में अब तक अपने Android Play Store से 1.6 मिलियन यानी 16 लाख ऐप्स हटा दिए हैं। यह एक बड़ा कदम है, जो यूजर्स को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और साफ-सुथरा डिजिटल एक्सपीरियंस देने की दिशा में उठाया गया है। इसके चलते Play Store पर मौजूद कुल ऐप्स की संख्या 3.4 मिलियन (34 लाख) से घटकर 1.8 मिलियन (18 लाख) रह गई है, जो कि करीब 47% कम हो गया है।

क्यों हटाए गए इतने ऐप्स?
कंपनी ने यह कदम इसलिए उठाया ताकि लो क्वालिटी वाले, गलत और हानिकारक ऐप्स को हटाया जा सके। इसके साथ ही Google ने डेवलपर्स के लिए नियमों को और सख्त कर दिया है। अब ऐप्स को प्ले स्टोर पर लाने से पहले उन्हें कठोर रिव्यू प्रोसेस से गुजरना पड़ता है। साथ ही, डेवलपर की पहचान वेरिफाई करने के लिए AI टूल्स और ह्यूमन रिव्यू का उपयोग किया जा रहा है।
1.58 लाख डेवलपर अकाउंट्स बैन
Google की नई नीति और कड़े नियमों के चलते इस साल 2.3 मिलियन ऐप्स (23 लाख) को प्ले स्टोर पर आने से पहले ही ब्लॉक कर दिया गया। साथ ही 1.58 लाख से अधिक डेवलपर अकाउंट्स को प्लेटफॉर्म की नीति उल्लंघन के कारण हमेशा के लिए बंद कर दिया गया है। यह आंकड़े यह बताने के लिए काफी हैं कि Google अब यूजर्स की सिक्योरिटी और क्वालिटी को प्राथमिकता दे रहा है।
यूरोप के नए नियमों का भी असर
कुछ ऐप्स को हटाने के पीछे यूरोप के नए डेटा प्राइवेसी और प्राइवेसी नियम भी एक कारण हैं। अब डेवलपर्स को अपना फिजिकल एड्रेस पब्लिकली शेयर करना होगा। कई छोटे डेवलपर्स इस नियम से बचने के लिए अपने ऐप्स को खुद से हटा रहे हैं। हालांकि, Apple App Store पर भी यही नियम लागू हैं, लेकिन वहां इतनी बड़ी गिरावट नहीं देखी गई है।
ऐप डेवलपमेंट में नहीं आई कमी
भले ही ऐप्स की संख्या में भारी गिरावट आई हो, लेकिन यह कहना गलत होगा कि Android प्लेटफॉर्म पर डेवलपमेंट धीमा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, नई ऐप्स जोड़ने की दर में पिछले साल की तुलना में 7% की वृद्धि हुई है। यानी, डेवलपर्स अब भी Android इकोसिस्टम में रुचि रखते हैं, लेकिन वे अब सख्त और पारदर्शी नियमों के तहत काम कर रहे हैं।
क्या है यूजर्स को फायदा?
कम ऐप्स का मतलब है कम डिजिटल इकोनॉमी, बेहतर सिक्योरिटी, और यूजर्स के लिए हाई क्वालिटी वाले और भरोसेमंद ऐप्स को ढूंढ पाना आसान हो जाएगा। यह Google की उस सोच को दर्शाता है जिसमें वह Play Store को न सिर्फ एक ओपन प्लेटफॉर्म रखना चाहता है, बल्कि उसे एक सुरक्षित और साफ-सुथरा ऐप इकोसिस्टम भी बनाना चाहता है।


Click it and Unblock the Notifications








