IRCTC ऐप के बिना भी कर सकते हैं पूरी ट्रेन बुकिंग, जानें पोर्टल के रूल्स और चार्ज
त्योहारी सीजन के बाद देशभर में शादियों का दौर शुरू हो जाता है। ऐसे में अक्सर परिवार यह सोचते हैं कि पूरी बारात को एक जगह से दूसरी जगह कैसे ले जाया जाए। बस या सड़क मार्ग से सफर लंबा और थकाऊ हो सकता है, वहीं ट्रेन यात्रा न सिर्फ आरामदायक होती है बल्कि बड़े समूह को सुरक्षित तरीके से ले जाने का भी बेहतर विकल्प है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप IRCTC की सामान्य वेबसाइट या ऐप से पूरा ट्रेन कोच या पूरी ट्रेन बुक नहीं कर सकते? इसके लिए इंडियन रेलवे ने एक अलग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया है। आइए इसके बारे में जानते हैं।

कहां करें पूरी ट्रेन या कोच की बुकिंग?
- पूरी ट्रेन या कोच बुक करने के लिए IRCTC Full Tariff Rate (FTR) वेबसाइट https://www.ftr.irctc.co.in/ftr/ का इस्तेमाल करना होगा।
- सबसे पहले इस वेबसाइट पर अकाउंट बनाना होगा।
- फिर लॉगिन कर यात्रा का रूट और शहर चुनें।
- उपलब्ध ट्रेन विकल्प देखकर पेमेंट प्रोसेस पूरा करें।
ऑनलाइन बुकिंग के अलावा यात्री अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन जाकर भी चार्टर ट्रेन बुकिंग से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
FTR वेबसाइट पर क्या बुक करें
इस प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को तीन तरह की बुकिंग का विकल्प मिलता है।
- Train Charter: पूरी ट्रेन की बुकिंग।
- Coach Charter: किसी ट्रेन के एक या एक से अधिक कोच की बुकिंग।
- Saloon Charter: विशेष सैलून कोच की बुकिंग।
प्रत्येक कोच बुकिंग के लिए ₹50,000 का रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना अनिवार्य है। इसके अलावा यात्रा की दूरी, हॉल्ट और सेवाओं के आधार पर अतिरिक्त किराया तय होता है।
किन ट्रेनों की बुकिंग नहीं कर सकते?
हर ट्रेन चार्टर बुकिंग के लिए उपलब्ध नहीं होती। FTR पोर्टल पर सिर्फ मेल/एक्सप्रेस और इंटरसिटी ट्रेनें ही दिखाई जाती हैं। प्रीमियम ट्रेनें जैसे राजधानी, शताब्दी, दूरंतो और वंदे भारत को प्राइवेट चार्टर के तौर पर बुक नहीं किया जा सकता।
कब नहीं होती बुकिंग?
त्योहारी और पीक सीजन में चार्टर बुकिंग पर रोक लगाई जाती है ताकि सामान्य यात्रियों के लिए ट्रेनें उपलब्ध रहें। IRCTC के अनुसार, बुकिंग इन तिथियों के बीच संभव नहीं होगी:
- 13 अक्टूबर 2025 से 4 नवंबर 2025 तक (दीवाली अवधि)
- 25 फरवरी 2026 से 11 मार्च 2026 तक (होली अवधि)
- इन तारीखों के दौरान FTR पोर्टल पर ट्रेन चार्टर बुकिंग अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
क्यों है खास यह सुविधा?
IRCTC की यह सुविधा उन परिवारों और समूहों के लिए बेहद उपयोगी है जो बड़ी संख्या में एक साथ यात्रा करना चाहते हैं। बसों या निजी वाहनों की तुलना में ट्रेन सफर न केवल किफायती पड़ता है बल्कि यात्रियों को सुरक्षा और आराम भी देता है। शादियों, पारिवारिक समारोहों या बड़े टूर ग्रुप्स के लिए यह विकल्प बेहद सुविधाजनक है।
अगर आप शादी की बारात या परिवार संग लंबी दूरी की यात्रा ट्रेन से करना चाहते हैं, तो IRCTC FTR पोर्टल सबसे बेहतर विकल्प है। यहां से आप आसानी से पूरी ट्रेन, एक कोच या सैलून बुक कर सकते हैं। हालांकि बुकिंग करने से पहले यह ज़रूरी है कि आप सीजनल प्रतिबंधों और शुल्क की जानकारी अच्छे से जान लें।


Click it and Unblock the Notifications








