सरकार ने बंद कराया खतरनाक Wingo App! यूजर्स के फोन से भेजे जा रहे थे फर्जी SMS, जानिए पूरा साइबर स्कैम
भारत में तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों के बीच सरकार ने एक बड़े फर्जी नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की है। एंड्रॉयड ऐप Wingo से जुड़े साइबर स्कैम को लेकर कई शिकायतें सामने आने के बाद केंद्र सरकार हरकत में आई और इस पूरे नेटवर्क को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ऐप न सिर्फ यूज़र्स को जल्दी पैसे कमाने का लालच दे रहा था, बल्कि उनकी जानकारी के बिना उनके फोन से फर्जी SMS भी भेज रहा था। अब सरकार ने देशभर के एंड्रॉयड यूजर्स के लिए अलर्ट जारी किया है।

Wingo ऐप पर सरकार की बड़ी कार्रवाई
Union Home Ministry के तहत काम करने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने Wingo ऐप के खिलाफ सख्त कदम उठाए। जांच में सामने आया कि यह ऐप एक संगठित ऑनलाइन नेटवर्क के जरिए यूज़र्स को फंसाता था और फिर पैसे लेकर गायब हो जाता था।
कार्रवाई के तहत Wingo से जुड़े command-and-control servers को geo-block कर दिया गया। इसके अलावा, ऐप से जुड़े चार Telegram चैनलों को भी बंद कराया गया, जिनमें करीब 1.53 लाख सब्सक्राइबर्स जुड़े हुए थे। सिर्फ यही नहीं, YouTube पर मौजूद इस ऐप के प्रमोशनल 53 से ज्यादा वीडियो भी हटाए गए, ताकि नए यूज़र्स तक इसका जाल न फैल सके।
कैसे काम करता था Wingo स्कैम
जांच एजेंसियों के अनुसार, Wingo ऐप का तरीका काफी जाना-पहचाना था। यूज़र्स को छोटे टास्क या शॉर्ट-टर्म इन्वेस्टमेंट के जरिए "गारंटीड और फास्ट कमाई" का झांसा दिया जाता था। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ छोटे रिटर्न दिखाए जाते थे, लेकिन जैसे ही यूज़र ज्यादा पैसा जमा करता, उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाता या ऐप ही बंद हो जाता।
पेमेंट के लिए यूज़र्स को UPI या पर्सनल वॉलेट्स के जरिए पैसे भेजने को कहा जाता था, न कि किसी वेरिफाइड पेमेंट गेटवे से। इससे ट्रांजैक्शन ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
ऐप जरूरत से ज्यादा परमिशन मांगता था, जैसे कॉन्टैक्ट्स, गैलरी, लोकेशन और SMS एक्सेस। इससे यूज़र्स के डेटा के गलत इस्तेमाल की आशंका भी बढ़ गई। कई मामलों में ऐप यूज़र्स के फोन से उनकी जानकारी के बिना फर्जी SMS भेज रहा था।

यूजर्स को किन बातों से रहना चाहिए सावधान
सरकार ने एंड्रॉयड यूज़र्स को साफ चेतावनी दी है कि जो ऐप डेली प्रॉफिट या गारंटीड रिटर्न का वादा करें, उनसे दूर रहें। किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी रेटिंग, रिव्यू और डेवलपर की जानकारी जरूर जांचें। अनावश्यक परमिशन मांगने वाले ऐप्स से बचें, खासकर SMS, कॉन्टैक्ट्स और फाइल एक्सेस जैसी संवेदनशील अनुमति देने से पहले दो बार सोचें।
- पैसे कमाने के नाम पर अग्रिम भुगतान न करें
- अनजान UPI ID या QR कोड पर पैसे न भेजें
- कभी भी OTP, बैंक डिटेल्स या पर्सनल जानकारी शेयर न करें
अगर आप स्कैम के शिकार हो गए हैं तो क्या करें
अगर किसी यूज़र को Wingo या किसी ऐसे ही ऐप पर शक होता है, तो तुरंत ऐप को अनइंस्टॉल करें और मामले की रिपोर्ट करें। पीड़ितों को सलाह दी गई है कि वे राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही अपने बैंक या UPI सर्विस प्रोवाइडर को सूचित कर ट्रांजैक्शन ब्लॉक करवाएं।
सरकार का कहना है कि समय पर रिपोर्टिंग करने से नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications








