अब Youtube पर आप भी वीडियो का बोरिंग पार्ट कर सकेंगे स्किप, Youtube लाया गजब का फीचर
Youtube अपने प्रीमियम यूजर्स के लिए एक नया फीचर ला रहा है, जिसका नाम "Jump Ahead" है। आपको बता दें कि यह फीचर Artificial Intelligence (AI) की मदद से चलता है। इस फीचर से यूजर्स आसानी से वीडियो के उन हिस्सों को छोड़कर आगे बढ़ सकते हैं, जिन्हें ज्यादातर लोग छोड़ देते हैं।
दरअसल, Youtube प्रीमियम यूजर्स के लिए आने वाला यह फीचर उन हिस्सों को पहचानता है, जिन्हें लोग बार-बार छोड़ देते हैं और आपको सीधे वीडियो के सबसे दिलचस्प हिस्सों तक पहुंचा देता है। सरल शब्दों में आप बिना किसी झंझट और समस्या के बोरिंग हिस्सों को छोड़कर सीधे मजेदार पार्ट तक पहुंच सकते हैं।

पहले 10-10 सेकंड आगे बढ़ने के लिए बार-बार स्क्रीन पर टैप करना पड़ता था, लेकिन अब इस समस्या का सामना प्रमियम यूजर्स को नहीं करना होगा। क्योंकि Youtube का Jump Ahead फीचर इस समस्या को हल करने के लिए आ रहा है।
कैसे कर सकेंगे इस Jump Ahead का इस्तेमाल
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए और वीडियो को थोड़ा आगे बढ़ाने के लिए आपको डबल टैप करना होगा। इसके बाद नीचे की तरफ राइट साइड के कोने में थोड़े समय के लिए एक गोली जैसा बटन नजर आएगा, जिस पर लिखा होगा Jump Ahead। इस प्रोसेस को पूरा करने के बाद आप वीडियो के उस हिस्से पर पहुंच जाएंगे, जहां ज्यादातर लोग आगे बढ़ते हैं।
वहीं अगर आपने कुछ देर तक इस बटन को नहीं दबाया तो वो गायब हो जाएगा। यह फीचर सिर्फ Youtube प्रीमियम यूजर्स के लिए ही है और इसे youtube.com/new पेज पर जाकर ट्राई कर सकते हैं।
Jump Ahead बटन दबाने पर थोड़ी देर के लिए स्क्रीन पर जानकारी दिखेगी, जिससे इस बात का पता चलेगा आप आमतौर पर छोड़े जाने वाले हिस्से को छोड़कर आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही यह बताने के लिए एक Youtube प्रीमियम का बैज भी होगा कि ये फीचर सिर्फ प्रीमियम यूजर्स के लिए ही है।
कहां उपलब्ध है Youtube का यह फीचर
बता दें कि ये फीचर फिलहाल सिर्फ अमेरिका में Youtube ऐप पर ही अंग्रेजी वीडियो के लिए उपलब्ध है, लेकिन ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि आगे चलकर यह फीचर दूसरे देशों और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध हो सकता है।
क्या है ये Jump Ahead फीचर
Jump Ahead फीचर एक स्मार्ट फीचर है, जो यह समझने की कोशिश करता है कि लोग किस जगह वीडियो को छोड़ देते हैं। ये मशीन लर्निंग की मदद से डाटा इकट्ठा करता है और फिर वीडियो में उस जगह को ढूंढ निकालता है, जहां पर ज्यादातर लोग आगे बढ़ा देते हैं।
यूजर्स पहले की तरह 10-10 सेकंड आगे बढ़ाने वाले बटन का तो इस्तेमाल कर ही सकते हैं, लेकिन Jump Ahead थोड़ा अलग है। ये आपको सीधे वीडियो के सबसे दिलचस्प हिस्से तक पहुंचाने में मदद करेगा।
1 जून तक मिलेगा ये फीचर
Youtube अपने प्रीमियम मेंबर्स को खास फीचर्स देने के लिए एक एक्सपेरिमेंट पेज चलाता है। इसी पेज पर अभी Youtube अपने इस Jump Ahead फीचर को ट्राई करने का मौका दे रहा है। वहीं आप 1 जून तक इस फीचर को ट्राई कर सकते हैं। हो सकता है कि Youtube बाद में इस फीचर की टाइम ड्यूरेशन को बढ़ा दे। ये फीचर फिलहाल सिर्फ उन्हीं वीडियो पर काम करेगा, जिन्हें प्रीमियम मेंबर्स देख रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications








