Zomato और Swiggy को टक्कर देने आई Ola की नई सर्विस, अब 10 मिनट में आपके घर डिलीवर होगी ग्रोसरी
10 मिनट में सामान डिलीवरी की जंग अब और भी बढ़ती नजर आ रही है। कई ग्रोसरी डिलीवरी ऐप कम से कम समय में डिलीवरी करके ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। इस रेस में अब एक और नाम जुड़ गया है। जी हां, ओला कंपनी ने 10 मिनट में डिलीवरी देने वाला नया प्लेटफॉर्म "Ola Grocery" लॉन्च किया है।
कंपनी ने हाल ही में एक पोस्ट के जरिए देशभर में अपनी 10 मिनट डिलीवरी सर्विस का ऐलान किया है। इस सर्विस लॉन्च के साथ ही Zomato, Blinkit और Instamart जैसे प्लेटफॉर्म्स को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है।

Ola Grocery के फायदे
Ola Grocery से ऑर्डर करने वाले लोग 30 परसेंट तक डिस्काउंट का लाभ ले सकते हैं। इसके साथ ही यूजर्स फ्री डिलीवरी का भी लाभ उठा सकते हैं। अगर आप तुरंत डिलीवरी नहीं पाना चाहते हैं, तो आप ऑर्डर को अपने समय के मुताबिक शेड्यूल भी कर सकते हैं।
कहां शुरू हुई Ola की नई सर्विस
कंपनी के द्वारा सोशल मीडिया पर ऑफिशियल अनाउंसमेंट के बाद ऐसा माना जा रहा है कि यह सर्विस पूरे देश में एक्टिव हो गई है। लेकिन असल में ऐसा नहीं है। कई शहरों की लोकेशन पर यह सर्विस शुरू हो चुकी है, लेकिन कई लोकेशन पर अभी भी 'Coming Soon' लिखा आ रहा है।
भारत के क्विक कॉमर्स मार्केट की स्थिति
भारत का क्विक कॉमर्स मार्केट दुनिया का सबसे मजूबत मार्केट में से एक माना जाता है। मोतीलाल डेटा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मार्केट पर Zomato का Blinkit 46 परसेंट मार्केट के साथ फर्स्ट पॉजिशन पर बना हुआ है। दूसरे नंबर पर 29 फीसदी मार्केट के साथ Zepto है। Swiggy Instamart का मार्केट शेयर 25 फीसदी है।
Amazon भी कर रहा तैयारी
हाल ही में ऐसी जानकारी सामने आई थी कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon भी 10 मिनट की डिलीवरी सर्विस लाने की योजना बना रहा है। कंपनी अपनी इस सर्विस को 2025 में पेश कर सकती है।
दरअसल, भारत में लोग फास्ट डिलीवरी सर्विस को काफी पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि बड़े-बड़े ब्रांड्स इस 10 मिनट की डिलीवरी सर्विस में हिस्सा लेते हुए नजर आ रहे हैं, ताकि ये अधिक से अधिक से ग्राहकों को अपनी सर्विस से कनेक्ट कर सकें।


Click it and Unblock the Notifications








