अब बर्बाद नहीं होगा खाना! Zomato का Food Rescue कम कीमत में देगा आपको कैंसिल ऑर्डर खरीदने का मौका
Zomato से भारत में ढेरों यूजर्स प्रत्येक दिन खाना ऑर्डर करते हैं। लेकिन इनमें से कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं, जो कि खाना ऑर्डर करने के बाद उन्हें कैंसिल कर देते हैं। इससे खाने की बर्बादी होती है और कंपनी को नुकसान भी होता है।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए फूड डिलीवरी कंपनी Zomato ने एक नया फीचर पेश किया है, जिससे लोग कैंसिल किए गए ऑर्डर को कम कीमत पर खरीद सकते हैं।

इस फीचर को कंपनी ने 'Food Rescue' नाम दिया है, जो कि खाने की बर्बादी को कम करने के लिए शुरू किया गया है। कंपनी के सीईओ दीपेंदर गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है कि उनकी कंपनी लोगों को ऑर्डर कैंसिल करने के लिए नहीं कहती है, क्योंकि इसकी वजह से बहुत सारा खाना बर्बाद होता है।
उन्होंने आगे कहा कि चार लाख से ज्यादा लोग अच्छे-अच्छे ऑर्डर को कैंसिल कर देते हैं। इसलिए आज से हम एक नया फीचर Food Rescue शुरू कर रहे हैं। यहां कैंसिल किए गए ऑर्डर पास लोगों को दिखाई देंगे, जो कि उन्हें बहुत कम कीमत पर खाना खरीदने का मौका देंगे।
ये ऑर्डर पूरी तरह से सही होंगे, उनकी पैकिंग भी वैसी ही होगी और ये कुछ ही मिनटों में आपके घर पहुंच जाएंगे। ऐसे में यूजर्स और कंपनी दोनों को लाभ होगा। यूजर्स को कम कीमत में खाना मिलेगा और कंपनी का खाना बर्बाद होने से बच जाएगा।
कुछ ही मिनटों के लिए होगा ऑफर उपलब्ध
जिस जगह पर ऑर्डर कैंसिल हुआ है, उसके आस-पास 3KM की रेंज में रहने वाले लोगों के लिए ऐप पर ये ऑर्डर नजर आएगा। ऐसे में ताजा खाना लेने के लिए इस ऑर्डर को पाने का मौका कुछ ही मिनटों के लिए उपलब्ध रहेगा। वहीं, डिलीवरी करने वाले को पूरे रास्ते का पैसा मिलेगा। जब वो ऑर्डर लेने गया था, तब से लेकर जब तक वो नए ग्राहक को देगा।
अगर आपके पास कोई कैंसिल हुआ ऑर्डर है, तो वो आपके ऐप के होम पेज पर नजर आएगा और नए ऑर्डर देखने के लिए आप होम पेज को रिफ्रेश भी कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications








