Emergency कंडीशन में घर में जरूरी होने चाहिए ये 5 गैजेट्स; जान बचाने के आएंगे काम
22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम-बैसरन आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन 'सिंदूर' के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। सीमाओं पर सेना तैयार है, लेकिन नागरिकों को भी किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। युद्ध, ब्लैकआउट या आतंकी हमलों की स्थिति में घर में कुछ जरूरी गैजेट्स का होना जीवन रक्षक साबित हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 अहम गैजेट्स के बारे में, जो हर भारतीय घर में होने चाहिए।

बैटरी ऑपरेटेड या हैंड क्रैंक रेडियो
अगर युद्ध या हमलों के दौरान मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट ठप हो जाएं, तो एक बैटरी से चलने वाला या हैंड क्रैंक (हाथ से घुमाकर चलने वाला) रेडियो आपकी लाइफलाइन बन सकता है। इसके जरिए आप आकाशवाणी और सरकारी स्रोतों से आने वाले जरूरी अपडेट्स सुन सकते हैं। ऐसे रेडियो चुनें जिसमें सोलर चार्जिंग, टॉर्च, और USB पोर्ट की सुविधा भी हो।
सोलर पावर बैंक और चार्जर
आपातकालीन हालातों में बिजली का जाना आम बात होती है। ऐसे में एक सोलर पावर बैंक आपके मोबाइल फोन, टॉर्च या रेडियो को चार्ज रखने में मदद करेगा। हाई कैपेसिटी वाले और मल्टीपल USB पोर्ट वाले पावर बैंक चुनें जो फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करें।
पोर्टेबल वॉटर प्यूरिफायर या लाइफस्ट्रॉ
आपातकाल में साफ पीने का पानी मिलना कठिन हो सकता है। ऐसे में एक पोर्टेबल वॉटर फिल्टर जैसे LifeStraw या UV आधारित प्यूरिफायर आपकी और आपके परिवार की सेहत की रक्षा करेगा। यह गैजेट पानी में मौजूद बैक्टीरिया और वायरस को साफ करके उसे पीने योग्य बनाता है।
एलईडी इमरजेंसी लाइट और हेडलैम्प
ब्लैकआउट, बमबारी या कर्फ्यू के दौरान बिजली कटना सामान्य है। ऐसे समय में रीचार्जेबल एलईडी लाइट्स और सोलर लैंटर्न आपके घर में रोशनी बनाए रखने में मदद करते हैं। हेडलैम्प्स खास तौर पर उपयोगी होते हैं जब दोनों हाथों से कोई काम करना हो या अंधेरे में चलना हो।
आपातकालीन मेडिकल किट
आपके पास एक फुली स्टॉक्ड फर्स्ट-एड किट होनी चाहिए जिसमें एंटीसेप्टिक, बैंडेज, ज़रूरी दवाएं, और गैजेट्स जैसे डिजिटल थर्मामीटर और पल्स ऑक्सीमीटर शामिल हों। युद्ध जैसी स्थिति में अस्पताल पहुंचना संभव न हो, तो ये उपकरण घर पर ही बेसिक स्वास्थ्य जांच करने में मदद करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications








