AC Servicing Tips: सर्विसिंग के बाद भी कूलिंग नहीं कर रहा AC? ये हो सकते हैं 5 बड़े कारण
AC Servicing Tips: गर्मियों में एसी हमारे लिए एक अहम जरूरत है, ऐसे में इसके इस्तेमाल के साथ इसका रखरखाव भी बहुत जरूरी है। गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) काम न करे तो परेशानी होना आम बात है, खासकर जब आपने हाल ही में इसकी सर्विस करवाई हो।
अक्सर लोग सोचते हैं कि सर्विस के बाद AC बेहतर काम करेगा, लेकिन कई बार केवल बेसिक सर्विस से असली समस्याएं दूर नहीं होतीं। अगर आपका AC ठंडक नहीं दे रहा है, तो इसके पीछे ये 5 कारण हो सकते हैं। आइए इसके बारे में जानते हैं।

गैस (रेफ्रिजरेंट) लीकेज
AC की ठंडक कम होने का सबसे आम कारण गैस लीकेज होता है। रेफ्रिजरेंट की कमी से ठंडक प्रभावित होती है। यदि सर्विस के दौरान तकनीशियन ने प्रेशर चेक या गैस स्तर की जांच नहीं की, तो यह समस्या रह सकती है। गैस लीकेज के लक्षणों में हिसिंग जैसी आवाजें, एसी यूनिट पर बर्फ जमना, और ठंडक में देरी शामिल हैं।
गंदे या ब्लॉक फिल्टर और कॉयल्स
जब आप साधारण सर्विस कराते हैं, तो इसमें अक्सर फिल्टर की सफाई की जाती है, लेकिन अगर एसी की इनडोर या आउटडोर यूनिट में जमा धूल हटाई नहीं गई हो, तो यह एयरफ्लो में रुकावट डालती है। इससे ठंडी हवा का फ्लो बाधित होता है। इसलिए धूल भरे इलाकों में डीप क्लीनिंग समय-समय पर जरूरी होती है।
कंप्रेसर में खराबी
कंप्रेसर AC का दिल होता है। अगर यह ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो चाहे सर्विस कितनी भी बढ़िया हो, AC ठंडा नहीं करेगा। खराब कंप्रेसर की पहचान इसके असामान्य शोर, बार-बार ऑन-ऑफ होना आदि से की जा सकती है।
कमजोर रूम इंसुलेशन
अगर आपके कमरे में सीधी धूप आती है, खिड़कियों की सीलिंग सही नहीं है या AC की टन क्षमता कमरे के अनुसार कम है, तो भी AC की ठंडक प्रभावित होगी। सही टन क्षमता और बेहतर इंसुलेशन जरूरी है।
थर्मोस्टैट या सेंसर की गड़बड़ी
कभी-कभी समस्या थर्मोस्टैट या सेंसर में होती है। अगर यह कमरे का तापमान सही से नहीं पढ़ पा रहा हो, तो AC समय पर कूलिंग नहीं करेगा। रिमोट की बैटरी और सेंसर की स्थिति भी जांचें।
यदि आपकी AC सर्विस के बाद भी ठंडक नहीं दे रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें। किसी अनुभवी तकनीशियन से डिटेल चेकअप करवाएं। समय रहते समस्या पकड़ में आ जाए, तो बड़े खर्च से बचा जा सकता है और आप गर्मियों में चैन की नींद ले सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications








