रूफटॉप या बालकनी: AC का आउटडोर कहां लगाना सही? क्या होंगे फायदे और नुकसान
AC Compressor Tips: गर्मियों में एयर कंडीशनर हर घर की जरूरत बन चुका है। लेकिन जब बात आती है एसी की इंस्टॉलेशन की, तो सबसे अहम सवाल होता है कि आउटडोर यूनिट यानी कंप्रेसर को कहां लगाया जाए? क्या उसे छत पर लगाना या बालकनी/ग्राउंड लेवल पर लगाना बेहतर है?
यहां हम आपके लिए एक आर्टिकल लाए हैं जिसमें हम आपको बताएंगे कि आपके एसी के आउटडोर यूनिट को कहां रखना चाहिए। इससे आप अपनी एसी को लंबे समय तक इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही अच्छी कूलिंग और कम बिजली खर्च के लिए कौन-सी जगह सबसे उपयुक्त है।

छत पर एसी यूनिट लगाने के फायदे
बेहतर वेंटिलेशन
छत पर खुली जगह होती है, जिससे एसी कंप्रेसर को बेहतर वेंटिलेशन मिलता है। इससे गर्म हवा जल्दी बाहर निकलती है और कंप्रेसर ज्यादा अच्छे से काम करता है।
कंप्रेसर के वाइब्रेशन से दूरी
अगर आपकी यूनिट छत पर होती है, तो घर के अंदर शोर या वाइब्रेशन का असर नहीं होता, जिससे शांति बनी रहती है।
सुरक्षित विकल्प
ग्राउंड या बालकनी में कंप्रेसर को लगाना थोड़ा रिस्की हो सकता है। जबकि छत पर रखी यूनिट चोरी या छेड़छाड़ से सुरक्षित रहती है।
छत पर इंस्टॉलेशन के नुकसान
रखरखाव में कठिनाई
छत पर रखी यूनिट की सफाई या मरम्मत के लिए हर बार ऊपर जाना कठिन होता है, खासतौर पर फ्लैट्स या ऊंची बिल्डिंगों में इसे मैनेज करना मुश्किल है।
लंबे पाइप और वायर की जरूरत
इनडोर यूनिट से दूरी ज्यादा होने के कारण गैस पाइप और इलेक्ट्रिक वायर लंबी लगती है, जिससे कूलिंग एफिशिएंसी थोड़ी कम हो सकती है।
मौसम का प्रभाव
तेज धूप, बारिश या तूफान जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों से यूनिट पर सीधा असर पड़ सकता है।
बालकनी या ग्राउंड पर एसी यूनिट के फायदे
आसान सर्विसिंग और सफाई
यूनिट हाथ की पहुंच में होती है, जिससे उसकी नियमित सफाई और सर्विसिंग करना आसान होता है।
कम लागत में इंस्टॉलेशन
पाइप और वायर छोटा होने के कारण इंस्टॉलेशन खर्च कम होता है।
घर के तापमान पर असर कम
छत पर यूनिट लगाने से कभी-कभी गर्मी घर के अंदर तक महसूस होती है, जबकि बालकनी में ऐसा असर नहीं होता।
बालकनी या ग्राउंड इंस्टॉलेशन के नुकसान
शोर का असर
अगर यूनिट बालकनी में या खिड़की के पास है, तो इसका शोर और कंपन कमरे में महसूस हो सकता है।
स्पेस की कमी
फ्लैट्स या छोटे घरों में बालकनी पहले से ही सीमित होती है। ऐसे में वहां यूनिट लगाना स्पेस को और छोटा कर देता है।
सुरक्षा खतरे
ग्राउंड लेवल पर रखी यूनिट चोरी या जानवरों से नुकसान की चपेट में आ सकती है।
क्या सही है आपके लिए?
अगर आपके घर में छत तक पहुंच आसान है और आप बेहतर परफॉर्मेंस चाहते हैं, तो यूनिट को छत पर लगाना बेहतर रहेगा। लेकिन अगर रखरखाव और इंस्टॉलेशन को आसान रखना आपकी प्राथमिकता है, तो बालकनी या ग्राउंड लेवल पर यूनिट लगाना समझदारी होगी।
हर घर की स्थिति अलग होती है, इसलिए फैसला लेते समय स्थान की उपलब्धता, बिजली खपत, रखरखाव की सुविधा और सुरक्षा जैसे सभी पहलुओं पर विचार जरूर करें।


Click it and Unblock the Notifications








