Power Bank खरीदने की कर रहे हैं तैयारी तो जान लें ये जरूरी बातें; बड़े काम की हैं ये टिप्स
आज के समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लेकिन ज्यादा इस्तेमाल से फोन की बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है। ऐसे में पावर बैंक एक जरूरी गैजेट बन गया है, खासकर जब आप सफर में हों या ज्यादा समय बाहर बिताते हों।
लेकिन बाजार में ढेरों पावर बैंक हैं और सभी अलग-अलग फीचर्स, कीमत और कैपेसिटी के साथ आते हैं। ऐसे में सही पावर बैंक चुनना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। अगर आप भी नया पावर बैंक खरीदने की सोच रहे हैं, तो इन बातों का ध्यान जरूर रखें।

कैपेसिटी (mAh) देखना है सबसे जरूरी
पावर बैंक की ताकत यानी उसकी कैपेसिटी( mAh - मिल्लीएम्पियर ऑवर) से मापी जाती है। अगर आप सिर्फ फोन चार्ज करना चाहते हैं, तो 10,000mAh वाला पावर बैंक ठीक रहेगा। अगर आपके पास टैबलेट, स्मार्टवॉच या एक से ज्यादा डिवाइस हैं, तो 20,000mAh या उससे ज्यादा लेना बेहतर होगा। बता दें कि 10,000mAh पावर बैंक, फोन को लगभग 2 बार फुल चार्ज कर सकता है।
फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है या नहीं
आजकल ज्यादातर फोन फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करते हैं, इसलिए आपके पावर बैंक में भी ये फीचर होना जरूरी है। ऐसे में कम से कम 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाला पावर बैंक चुनें। अगर आपके पास iPhone या फ्लैगशिप एंड्रॉयड फोन है, तो PD (Power Delivery) या QC (Quick Charge) सपोर्ट देखें।
पोर्ट्स भी रखते हैं मायने?
ज्यादा पोर्ट्स का मतलब आपको एक साथ कई डिवाइस चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। ऐसे में जरूरी है कि कम से कम 2 USB-A और 1 USB-C पोर्ट वाला पावर बैंक लें। अगर Type-C इनपुट और आउटपुट दोनों का सपोर्ट हो तो और बेहतर है।

आपकी डिवाइस के हिसाब से पावर बैंक चुनें
हर पावर बैंक हर डिवाइस के साथ कम्पैटिबल नहीं होता। अगर आपके पास iPhone है, तो ऐसा पावर बैंक लें, जो Lightning केबल सपोर्ट करता हो या USB-C to Lightning सपोर्ट करता हो। एंड्रॉयड फोन के लिए USB-C आउटपुट वाला पावर बैंक ज्यादा सुविधाजनक होता है।
साइज और वजन का रखें ध्यान
अगर आप ट्रैवल ज्यादा करते हैं, तो ऐसा पावर बैंक लें जो हल्का और पोर्टेबल हो। ज्यादा mAh वाले पावर बैंक थोड़े भारी होते हैं, लेकिन अगर आप बैग में रखते हैं तो काम चल जाएगा। हालांकि अगर आपको जेब में रखने लायक पावर बैंक चाहिए तो 5,000mAh - 10,000mAh कैटेगरी वाले पॉवरबैंक आइडियल होंगे
ब्रांड और सेफ्टी फीचर्स का खास ख्याल
सस्ते और लोकल ब्रांड के पावर बैंक में ओवरहीटिंग या बैटरी फटने का खतरा होता है। ऐसे में जरूरी है कि आप हमेशा ट्रस्टेड ब्रांड जैसे Mi, Realme, OnePlus, Ambrane, Anker या boAt के पावर बैंक चुनें। हमेशा अपने पावरबैंक में Over-charge protection, short-circuit protection, और temperature control जैसे सेफ्टी फीचर्स जरूर देखें।
गारंटी और BIS सर्टिफिकेशन
भारत में बिकने वाले इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स पर BIS (Bureau of Indian Standards) सर्टिफिकेशन होना जरूरी है। खरीदते समय गारंटी ध्यान दें कि कम से कम 6 महीने से 1 साल की होनी चाहिए। ऑनलाइन खरीदते वक्त रिव्यू और रेटिंग पढ़ना न भूलें।

Wireless Charging के लिए बोनस टिप्स
अगर आपके फोन में वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट है, तो आप वायरलेस पावर बैंक भी ले सकते हैं। ये थोड़े महंगे होते हैं लेकिन खासकर ट्रैवल या मीटिंग्स के दौरान ज्यादा कंविनिएंट हैं।
पावर बैंक खरीदते वक्त सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि आपकी जरूरत, डिवाइस कम्पैटिबिलिटी और सेफ्टी जैसे पहलुओं पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।
एक सही पावर बैंक आपकी डिवाइस की बैटरी लाइफ को और बेहतर बना सकता है और कहीं भी कनेक्टिविटी का टेंशन खत्म कर देता है।


Click it and Unblock the Notifications








