जानलेवा हो सकता है आपका Geyser; ये 5 खतरनाक गलतियां आपके परिवार को डाल सकती हैं जोखिम में
नॉर्थ इंडिया में सर्दियों का मौसम आते ही घर-घर में गीजर का इस्तेमाल आम हो जाता है। ठंडे पानी से राहत पाने के लिए लोग सुबह-शाम गर्म पानी का सहारा लेते हैं। लेकिन यही गीजर, अगर सही तरीके से इंस्टॉल न हो या समय-समय पर उसकी देखभाल न की जाए, तो कुछ ही मिनटों में जानलेवा साबित हो सकता है।
हर साल भारत में बाथरूम में गीजर से जुड़े कई हादसे सामने आते हैं, कहीं गैस लीक, कहीं करंट लगना, तो कहीं बिना आवाज़ के जान ले लेने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस। ऐसे में अगर आप अपने परिवार की सुरक्षा चाहते हैं, तो इन खतरों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं।

आखिर गीजर खतरनाक क्यों बन जाता है?
मार्केट में दो तरह के गीजर सबसे ज़्यादा चलते हैं, गैस गीजर और इलेक्ट्रिक गीजर। दोनों ही अपने-अपने तरीके से सुरक्षित हो सकते हैं, लेकिन शर्त यह है कि उन्हें सही तरीके से लगाया जाए और उनका मेंटेनेंस नियमित हो।
गलत इंस्टॉलेशन, खराब वायरिंग, बंद वेंटिलेशन या जाम एग्जॉस्ट पाइप गीजर को टाइम बम बना सकते हैं। इससे गैस लीक, धमाका, करंट लगना या साइलेंट ज़हर जैसी गैस से मौत तक हो सकती है।
कार्बन मोनोऑक्साइड: बिना आवाज मारने वाला जहर
गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) सबसे बड़ा खतरा है। यह गैस नज़र नहीं आती और कई बार हल्की बदबू के अलावा कोई संकेत नहीं देती।
अगर आपने गैस गीजर को बंद बाथरूम में लगा रखा है और वहां वेंटिलेशन सही नहीं है, तो यह गैस धीरे-धीरे कमरे में भर सकती है।
इसके लक्षण हैं:
- चक्कर आना
- सिरदर्द
- सांस लेने में दिक्कत
- बेहोशी
कई मामलों में लोग नहाते-नहाते बेहोश हो जाते हैं और उन्हें पता भी नहीं चलता कि क्या हुआ।
बाथरूम में गैस गीजर लगाना सबसे बड़ी गलती
यह सबसे आम और सबसे खतरनाक गलती है। विशेषज्ञ साफ कहते हैं कि गैस गीजर कभी भी बाथरूम के अंदर नहीं लगाना चाहिए। इन्हें हमेशा बालकनी, खुली यूटिलिटी एरिया, खुले शेड जैसी जगहों पर लगाना चाहिए।
अगर मजबूरी में बाथरूम के पास लगाना पड़े, तो एग्जॉस्ट पाइप बाहर खुली हवा में जाना चाहिए और खिड़की-वेंट हमेशा खुला रहना चाहिए।
इलेक्ट्रिक गीजर भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं
लोग सोचते हैं कि इलेक्ट्रिक गीजर से कोई खतरा नहीं होता, लेकिन यह भी गलत है। खराब अर्थिंग, पुरानी वायरिंग या नहाते समय गीजर ऑन रखना करंट लगने का कारण बन सकता है।
आपको ये बातें जरूर सुनिश्चित करनी चाहिए:
- मजबूत अर्थिंग कनेक्शन
- अलग MCB (मिनी सर्किट ब्रेकर)
- नहाने से पहले गीजर बंद करना
- शॉर्ट सर्किट और करंट से कैसे बचें?
- कभी भी गीजर को खुद इंस्टॉल न करें
- हमेशा सर्टिफाइड इलेक्ट्रीशियन से फिटिंग कराएं
- साल में कम से कम एक बार वायरिंग और अर्थिंग की जांच कराएं
- स्विचबोर्ड पर पानी न गिरने दें
- गीजर में अजीब आवाज़ या बदबू आए तो तुरंत बंद करें
छोटी सावधानी, बड़ी सुरक्षा
गीजर कोई खतरनाक मशीन नहीं है, लेकिन लापरवाही उसे जानलेवा बना सकती है।
सही जगह इंस्टॉलेशन, अच्छा वेंटिलेशन, मजबूत वायरिंग और थोड़ा सा ध्यान, यही चार चीज़ें आपके परिवार की जान बचा सकती हैं।
सर्दियों में गीजर हमारी ज़िंदगी आसान बनाता है, लेकिन गलत इस्तेमाल या खराब फिटिंग आपकी और आपके अपनों की जान खतरे में डाल सकती है।
अगर आपके घर में गीजर लगा है, तो आज ही उसकी जांच कराएं और ऊपर बताए गए नियमों का पालन करें। क्योंकि गर्म पानी की एक सुविधा, आपकी ज़िंदगी से ज्यादा कीमती नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications








