Aadhaar Card Update: 14 जून तक आधार में फ्री में कर लें ये अपडेट; वरना बाद में देने होंगे पैसे
Aadhaar Card Update: आधार कार्ड हमारे लिए पहचान पत्र के साथ-साथ वो जरूरी डॉक्यूमेंट है, जिसकी जरूरत हमें हर सरकारी आधिकारिक काम में लगती है। ऐसे में अगर आपके आधार में कोई जानकारी गलत है तो इसे अपडेट करने की जरूरत है। हालांकि अगर आपने समय रहते ऐसा नहीं किया तो आपको इसे अपडेट करने के पैसे देने पड़ेंगे।
जी हां, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) नागरिकों को अपने आधार डिटेल को 14 जून तक फ्री में ऑनलाइन अपडेट करने की अनुमति दे रहा है। ऐसे में जरूरी है कि आप समय रहते अपनी डिटेल को सही कर लें, वरना आपको समय-सीमा पूरी होने पर पैसे देने पड़ेंगे।

क्यों करें अपना आधार अपडेट?
अगर आपने पिछले 10 सालों में अपना आधार अपडेट नहीं किया है तो आपको इसके बारे में सोचना चाहिए। बता दें कि UIDAI के आधार नामांकन और अपडेट विनियमन, 2016 के अनुसार हर भारतीय नागरिक को हर 10 साल में एक बार अपने पहचान प्रमाण (PoI) और पते के प्रमाण (PoA) को अपडेट करना जरूरी है।
अपनी जानकारी को अपडेट रखने से आपको सरकारी कामों में, बैंक खाते खोलने या KYC प्रोसेस पूरी करने में होने वाली समस्याओं से बचने में मदद मिलती है। आइए जानते हैं कि आप कौन-कौन सी डिटेल अपडेट कर सकते हैं।
कौन सी डिटेल कर सकते हैं अपडेट?
बता दें कि आप केवल कुछ चुनिंदा डिटेल को ही अपडेट कर सकते हैं। इसमें नाम, जन्म तिथि, पता और जेंडर जैसी डिटेल ऑनलाइन अपडेट शामिल है।
हालांकि, बायोमेट्रिक अपडेट--जैसे कि फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन, या आपकी तस्वीर जैसी डिटेल्स केवल आधार नामांकन केंद्र पर जाकर ही ठीक हो सकती है।
कैसे अपडेट करें डिटेल्स?
- सबसे पहले https://myaadhaar.uidai.gov.in पर जाएं।
- फिर अपने आधार नंबर और OTP के साथ लॉग इन करें।
- इसके बाद ऊपर दाईं ओर 'अपडेट डॉक्यूमेंट' पर क्लिक करें।
- अब वैलिड PoI और PoA डॉक्यूमेंट अपलोड करें।
- आखिर में रिव्यू करें और सबमिट पर क्लिक करें।
- इसके बाद बदलाव के स्टेटस को चेक करने के लिए SRN नंबर हासिल करें।
अगर आप इन स्टेप्स को फॉलो करते हैं तो आप आसानी से इन डिटेल्स को अपडेट कर सकते हैं। उम्मीद है कि ये तरीका आपके काम आएगा।


Click it and Unblock the Notifications








