Aadhaar Card में कितनी बार बदल सकते हैं नाम, नंबर और एड्रेस जैसी डिटेल; यहां पाए पूरी जानकारी
Aadhaar Update: आधार कार्ड आज के समय में भारत के हर नागरिक के लिए सबसे अहम डॉक्यूमेंट में से एक बन चुका है। चाहे स्कूल में एडमिशन लेना हो, बैंक खाता खोलना हो या सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना हो। हर जगह आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार की जानकारी सही और अपडेटेड होना बेहद जरूरी है।
कई बार ऐसा होता है जब किसी व्यक्ति का नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर गलत दर्ज हो जाता है, या फिर बाद में उनमें बदलाव की आवश्यकता होती है। ऐसे में UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने कुछ नियम और सीमाएं तय की हैं जिनके अनुसार आप आधार की जानकारी को अपडेट कर सकते हैं।

कितनी बार अपडेट की जा सकती है जानकारी?
UIDAI ने आधार अपडेट की प्रक्रिया को सुविधाजनक बना दिया है, लेकिन कुछ जानकारी को अपडेट करने की सीमा तय की गई है।
कितनी बार बदल सकते हैं नाम
आप अपने आधार कार्ड में नाम को अधिकतम 2 बार बदल सकते हैं। अगर आपके आधार कार्ड में नाम गलत छपा है या शादी के बाद सरनेम बदलना चाहते हैं, तो आप इसे सिर्फ दो बार अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आपको दस्तावेज देने होंगे।
इसमें पैन कार्ड, पासपोर्ट, विवाह सर्टिफिकेट, सरकारी कार्यालय द्वारा जारी कोई सर्टिफिकेट की जरूरत होती है। इसलिए नाम अपडेट करने से पहले दस्तावेज और जानकारी की दोबारा जांच जरूर कर लें।
डेट ऑफ बर्थ
UIDAI आपको केवल एक बार अपनी जन्मतिथि बदलने का मौका देता है। अगर आपके आधार में डेट ऑफ बर्थ गलत दर्ज है, तो आप इसे सुधार सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपको कुछ डॉक्युमेंट्स की जरूरत होगी।
इसके लिए बर्थ सर्टिफिकेट, स्कूल की मार्कशीट या सर्टिफिकेट और सरकारी दस्तावेज जिसमें जन्मतिथि दर्ज हो। एक बार बदलाव करने के बाद फिर से जन्मतिथि में कोई सुधार नहीं किया जा सकता।
पता (Address)
इस अपडेट को अनलिमिटेड बार बदला जा सकता है। ऐसे में अगर आप नए शहर में शिफ्ट होते हैं या किराए के मकान में रहते हैं, तो आपके लिए एड्रेस अपडेट करना जरूरी हो सकता है।
अच्छी बात यह है कि पते को जितनी बार चाहें, बदल सकते हैं। इसके लिए आपको नीचे दिए गए डॉक्युमेंट्स में से कोई एक देना होगा।
इसके लिए बिजली का बिल, पानी का बिल, बैंक स्टेटमेंट, रेंट अग्रीमेंट और गैस कनेक्शन की रसीद की जरूरत होती है।
यह अपडेट आप ऑनलाइन (UIDAI की वेबसाइट से) या आधार सेवा केंद्र जाकर कर सकते हैं।
जेंडर (Gender) अपडेट
इसे भी आप सिर्फ एक बार अपडेट कर सकते हैं। अगर आपके आधार कार्ड में लिंग (पुरुष/महिला/ट्रांसजेंडर) गलत दर्ज है, तो इसे भी सिर्फ एक बार ही बदला जा सकता है। इसके लिए मान्य पहचान दस्तावेज देना जरूरी है। एक बार अपडेट के बाद दोबारा बदलाव की अनुमति नहीं दी जाती।
मोबाइल नंबर अपडेट
मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना आज के समय में जरूरी है क्योंकि कई सरकारी और डिजिटल सेवाएं OTP आधारित होती हैं। अच्छी खबर यह है कि आप मोबाइल नंबर को कितनी भी बार बदल सकते हैं। हालांकि, इस अपडेट के लिए आपको आधार सेवा केंद्र पर जाना होगा। यह प्रक्रिया ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है। इसे भी कितनी बार भी अपडेट किया जा सकता है।
अपडेट कैसे करें?
ऑनलाइन अपडेट: नाम, जन्मतिथि, पता और लिंग जैसी जानकारियों को आप UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट (https://uidai.gov.in) से ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं।
ऑफलाइन अपडेट: बायोमेट्रिक डिटेल्स (फिंगरप्रिंट, आईरिस), मोबाइल नंबर और अन्य विशेष जानकारी अपडेट करने के लिए आपको नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाना होगा।
अपडेट के लिए जरूरी दस्तावेज
हर अपडेट के लिए कुछ मान्य दस्तावेज (Valid Documents) की जरूरत होती है। कुछ मामलों में आपको ओरिजिनल डॉक्युमेंट दिखाने भी पड़ सकते हैं। दस्तावेजों की लिस्ट UIDAI की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आधार कार्ड की जानकारी को अपडेट रखना न सिर्फ जरूरी है बल्कि यह आपकी पहचान और सरकारी सेवाओं के सुचारू उपयोग के लिए अनिवार्य भी है। UIDAI द्वारा दी गई सीमाएं यह सुनिश्चित करती हैं कि सिस्टम में
ट्रांसपेरेंसी और सुरक्षा बनी रहे। इसलिए कोई भी बदलाव करने से पहले नियमों को अच्छी तरह पढ़ें और सही दस्तावेज तैयार रखें।


Click it and Unblock the Notifications








