ओवरहीटिंग की समस्या बाय-बाय! गर्मियों में लैपटॉप हो रहा है गर्म, तो ये उपाय आएंगे काम
Laptops overheating: गर्मियों में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस काफी ओवरहीट करने लगते हैं, जिसकी वजह से परफॉर्मेंस प्रभावित होता है। कई बार तो ज्यादा गर्म होने के चलते डिवाइसेज में टेक्निकल दिक्कतें भी आ जाती हैं। खासकर लैपटॉप इस सीजन में ज्यादा ओवरहीट होता है। इसकी वजह हेवी टास्किंग है।
लंबे समय तक लैपटॉप का गर्म होना न सिर्फ उसकी परफॉर्मेंस को प्रभावित करता है, बल्कि हार्डवेयर को भी नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, कुछ ऐसे तरीके हैं जिनसे लैपटॉप को सेफ रखा सकता है। हम कुछ आसान टिप्स और सावधानियों के बारे में बताने वाले हैं, जिन्हें फॉलो करके आप अपने लैपटॉप को गर्मियों में ठंडा रख सकते हैं और उसकी लाइफ बढ़ा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।

क्यों गर्म होता है लैपटॉप?
दूसरे सीजन की तुलना में आमतौर पर गर्मियों में लैपटॉप ज्यादा गर्म होता है। लैपटॉप में लगा हुआ प्रोसेसर, ग्राफिक्स कार्ड और हार्ड ड्राइव जैसे कंपोनेंट्स टास्क परफॉर्म करने पर गर्मी पैदा करते हैं, जिसे ठंडा करने के लिए लैपटॉप में कूलिंग फैन और हीट सिंक होते हैं। हालांकि, गर्मियों में इनके काम करने के बावजूद भी ओवरहीट की परेशानी आती है।
तापमान ज्यादा होने की वजह से कूलिंग सिस्टम को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। अगर हवा का प्रवाह सही नहीं होता या लैपटॉप का वेंटिलेशन सिस्टम धूल से भरा होता है, तो गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और लैपटॉप ओवरहीट हो जाता है। इसके अलावा हेवी सॉफ्टवेयर लंबे समय तक इस्तेमाल करने से भी लैपटॉप गर्म होने लगता है।
ओवरहीटिंग से होने वाले नुकसान
ओवरहीटिंग की वजह से कई तरह की परेशानियां खड़ी हो सकती हैं। लैपटॉप का बार-बार गर्म होना बैटरी की लाइफ को प्रभावित कर सकता है। ज्यादा तापमान बैटरी के केमिकल्स को नुकसान पहुंचाता है। इसके अलावा, प्रोसेसर और मदरबोर्ड जैसे जरूरी कंपोनेंट्स भी डैमेज हो सकते हैं। कई बार लैपटॉप अपने आप बंद हो जाता है, जिससे डेटा लॉस होने का खतरा रहता है। इसलिए लैपटॉप गर्म होने पर तुरंत सतर्क हो जाना ही बेहतर है। ताकि आप नुकसान से खुद को बचा सकें।

लैपटॉप को ठंडा रखने के आसान टिप्स
सही जगह पर रखें- लैपटॉप को हमेशा सख्त और सपाट सतह, जैसे टेबल या डेस्क पर रखना सही माना जाता है। इसे बिस्तर, सोफा या तकिए पर इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। ऐसी सतहें हवा के प्रवाह को रोकती हैं और गर्मी बढ़ाती हैं। अगर आप बिस्तर पर काम करना चाहते हैं, तो लैपटॉप स्टैंड या कूलिंग पैड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कूलिंग पैड का इस्तेमाल करें- गर्मियों में कूलिंग पैड आपके लैपटॉप का सबसे अच्छा साथी हो सकता है। यह एक ऐसा डिवाइस है, जिसमें छोटे-छोटे फैन लगे होते हैं, जो लैपटॉप के नीचे से हवा को सर्कुलेट करते हैं और उसे ठंडा रखते हैं। बाजार में 500 रुपये से लेकर 2,000 रुपये तक के कूलिंग पैड आसानी से मिल जाते हैं।
वेंट्स को साफ रखें- लैपटॉप के कूलिंग वेंट्स में धूल न जमने दें। इससे हवा का प्रवाह रुक जाता है। हर 3-4 महीने में एक सॉफ्ट ब्रश या कंप्रेस्ड एयर कैन की मदद से वेंट्स को साफ कर देना चाहिए। ध्यान रखें कि यह काम लैपटॉप बंद होने पर ही करें।
भारी टास्क से बचें- गर्मियों में लंबे समय तक गेमिंग, वीडियो एडिटिंग या हैवी सॉफ्टवेयर चलाने से लैपटॉप गर्म हो सकता है, इसलिए बीच-बीच में लैपटॉप को 10-15 मिनट का ब्रेक दें, ताकि वह ठंडा हो सके।
पावर सेटिंग्स को ऑप्टिमाइज करें- लैपटॉप की पावर सेटिंग्स को "पावर सेवर" मोड पर रखें। इससे प्रोसेसर की स्पीड कम होगी और गर्मी भी कम पैदा होगी। विंडोज में आप कंट्रोल पैनल से और मैकबुक में सिस्टम सेटिंग्स से इसे बदल सकते हैं।
सीधे धूप से बचाएं- लैपटॉप को कभी भी सीधे धूप में न रखें। गर्मी और सूरज की रोशनी लैपटॉप को जल्दी गर्म कर सकती है। कोशिश करें कि इसे ठंडी और हवादार जगह पर इस्तेमाल करें।
बैटरी को मॉनिटर करें- अगर लैपटॉप चार्जिंग पर है, तो बैटरी को 80% तक चार्ज होने के बाद चार्जर हटा दें। लगातार चार्जिंग से बैटरी गर्म होती है, जो ओवरहीटिंग को बढ़ावा देती है।
एक्सटर्नल फैन का इस्तेमाल करें- अगर आपके पास कूलिंग पैड नहीं है, तो एक छोटा टेबल फैन लैपटॉप के पास रखें। यह हवा को सर्कुलेट करने में मदद करेगा और लैपटॉप को ठंडा रखेगा।
लंबे समय के लिए देखभाल
अगर आपका लैपटॉप पुराना है और बार-बार गर्म हो रहा है, तो उसका थर्मल पेस्ट चेक करना चाहिए। थर्मल पेस्ट प्रोसेसर और हीट सिंक के बीच गर्मी को ट्रांसफर करने में मदद करता है। समय के साथ यह सूख जाता है, जिससे कूलिंग सिस्टम कमजोर हो जाता है। किसी सर्विस सेंटर में जाकर थर्मल पेस्ट को रीअप्लाई करवाएं। यह काम 500-1,000 रुपये में हो जाता है और लैपटॉप की कूलिंग को बेहतर बनाता है।
गर्मियों में लैपटॉप की ओवरहीटिंग एक आम समस्या है, लेकिन सही देखभाल और सावधानी से इसे रोका जा सकता है। ऊपर बताए गए टिप्स को अपनाकर आप न सिर्फ अपने लैपटॉप को ठंडा रख सकते हैं, बल्कि उसकी लाइफ भी बढ़ा सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications








