Password सिक्योरिटी को न करें नजरअंदाज; वरना साइबर क्राइम के हो जाएंगे शिकार, सरकार ने दी सलाह
Password Security Warning: भारत में रोजाना हजारों लोग साइबर अपराध का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हर दिन लगभग 6,000 से अधिक लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार बनते हैं।
यह आंकड़े डराने वाले जरूर हैं, लेकिन इस समस्या का समाधान हमारे हाथ में है। साइबर सुरक्षा को लेकर जारी की गई नई सरकारी सलाह में पासवर्ड सुरक्षा को लेकर कई अहम सुझाव दिए गए हैं।

क्यों जरूरी है पासवर्ड सिक्योरिटी?
आज के डिजिटल युग में पासवर्ड किसी तिजोरी की चाबी की तरह काम करता है। चाहे वह बैंकिंग ऐप हो, सोशल मीडिया अकाउंट हो या ईमेल, हर जगह पासवर्ड के ज़रिये ही आपकी जानकारी सुरक्षित रहती है। अगर यह पासवर्ड कमजोर है या लापरवाही से इस्तेमाल किया जा रहा है, तो साइबर अपराधी आपकी मेहनत की कमाई पर आसानी से हाथ साफ कर सकते हैं।
NCCRP ने दिए ये 5 जरूरी पासवर्ड टिप्स
मजबूत पासवर्ड बनाएं
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल का कहना है कि मजबूत पासवर्ड में अक्षर (बड़े और छोटे), नंबर और स्पेशल कैरेक्टर (@, #, $, %) का मिश्रण होना चाहिए। पासवर्ड की लंबाई कम से कम 8 कैरेक्टर होनी चाहिए। जितना लंबा और जटिल पासवर्ड होगा, उतना ही मुश्किल होगा उसे क्रैक करना। ऐसा इसलिए AI और ऑटोमैटिक हैकिंग टूल्स के बढ़ते उपयोग को देखते हुए, साधारण पासवर्ड अब जोखिम भरे हो चुके हैं।
सभी अकाउंट्स के लिए अलग-अलग पासवर्ड
कई यूजर्स एक ही पासवर्ड को सोशल मीडिया, बैंकिंग ऐप और ईमेल के लिए इस्तेमाल करते हैं, जो कि बेहद खतरनाक हो सकता है। अगर एक अकाउंट हैक हुआ, तो बाकी सब भी खतरे में आ जाते हैं।
पासवर्ड, OTP और PIN किसी के साथ साझा न करें
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी को भी अपना पासवर्ड, OTP, पिन या कार्ड का CVV नंबर न बताएं-even अगर वह बैंक अधिकारी बनकर फोन करे।
पासवर्ड समय-समय पर बदलें
अगर आपने एक बार पासवर्ड बना लिया है तो उसे कभी न बदलने की आदत छोड़नी होगी। हर 30 से 60 दिन में पासवर्ड बदलना एक अच्छी साइबर सुरक्षा आदत मानी जाती है।
पब्लिक Wi-Fi से रहें सावधान
NCCRP ने यह भी चेतावनी दी है कि पब्लिक Wi-Fi नेटवर्क का उपयोग करके कभी भी ऑनलाइन लेनदेन ना करें। रेलवे स्टेशन, मॉल, कैफे या होटल के फ्री Wi-Fi पर साइबर क्रिमिनल आसानी से बैठकर आपकी जानकारी चुरा सकते हैं।
पर्सनल इंटरनेट या मोबाइल डेटा का उपयोग करना ही सही ऑप्शन है, खासकर जब आप बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट या कार्ड से खरीदारी कर रहे हों।
साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर यूजर्स को जाल में फंसा रहे हैं। लेकिन सतर्कता और सही डिजिटल आदतें अपनाकर आप खुद को और अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकते हैं। सरकार की यह सलाह केवल एक चेतावनी नहीं, बल्कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने का रोडमैप है।
अगर आपने अभी तक अपने पासवर्ड पर ध्यान नहीं दिया है, तो आज ही मजबूत पासवर्ड बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। याद रखें साइबर सुरक्षा अब सिर्फ एक विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बन चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications








