सिंगल या डबल बैटरी इन्वर्टर: आप भी हो रहे हैं कन्फ्यूज, जानें अपने लिए बेहतर विकल्प
Single vs Double Battery Inverter: गर्मी का मौसम आते ही देश के कई हिस्सों में बिजली कटौती आम बात हो जाती है। ऐसे में इन्वर्टर लगवाना एक जरूरी कदम बन जाता है, लेकिन जब बाजार में सिंगल और डबल बैटरी इन्वर्टर दोनों मौजूद हों, तो सही विकल्प चुनना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
दरअसल, दोनों विकल्पों के अपने-अपने फायदे और सीमाएं हैं, जो आपकी जरूरत, बजट और घर के साइज पर निर्भर करती हैं।

सिंगल बैटरी इन्वर्टर
सिंगल बैटरी इन्वर्टर छोटे घरों या कम बिजली खपत वाले परिवारों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है। इसमें एक ही बैटरी लगती है, जो सीमित पावर लोड जैसे 1-2 पंखे, कुछ एलईडी बल्ब और एक टीवी आदि को सपोर्ट करती है। यह इन्वर्टर कम कीमत में आता है और इसकी बैटरी जल्दी चार्ज हो जाती है। इसके अलावा, कम जगह घेरने के कारण यह छोटे फ्लैट या किराए के मकानों में आसानी से फिट हो जाता है।
डबल बैटरी इन्वर्टर किन लोगों के लिए बेस्ट
वहीं दूसरी ओर डबल बैटरी इन्वर्टर उन लोगों के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है जिनके घरों में बिजली की खपत ज्यादा होती है या जो लंबे समय तक बैकअप चाहते हैं। डबल बैटरी सिस्टम ज्यादा पावर लोड जैसे कि फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कंप्यूटर, या 3-4 पंखे आदि को सपोर्ट करता है। यह बड़े घरों, दुकानों या ग्रामीण इलाकों के लिए उपयोगी है, जहां बिजली कटौती अधिक और लंबी होती है।
कीमत में कितना है फर्क?
अगर बात कीमत की करें, तो सिंगल बैटरी इन्वर्टर की कीमत लगभग 8,000 से 15,000 रुपये तक होती है, जबकि डबल बैटरी इन्वर्टर 18,000 से 30,000 रुपये या उससे ज्यादा तक पहुंच सकता है। ऐसे में किसी भी इन्वर्टर को खरीदने से पहले यह समझना जरूरी है कि आपके घर में कितना लोड है, बिजली कितनी देर जाती है और बैकअप की कितनी जरूरत है।
किसमें निवेश करना समझदारी?
आखिर में अगर आपके घर में पावर लोड सीमित है और बिजली कटौती कम होती है, तो सिंगल बैटरी इन्वर्टर एक किफायती और अच्छा विकल्प है। लेकिन अगर आपको ज्यादा बैकअप चाहिए और आपका पावर लोड अधिक है, तो डबल बैटरी इन्वर्टर में इन्वेस्ट करना समझदारी होगी। सही इन्वर्टर का चुनाव न केवल आपकी जेब के लिए फायदेमंद होगा, बल्कि गर्मियों में चैन की नींद भी देगा।


Click it and Unblock the Notifications








