Wi-Fi स्लो या बार-बार डिस्कनेक्ट? चुटकियों में दुरुस्त करें परेशानी, ये हैं आसान सॉल्यूशन
आज के समय में Wi-Fi हर घर की जरूरत बन चुका है। कॉलिंग हो, मैसेजिंग, वर्क फ्रॉम होम या फिर OTT पर एंटरटेनमेंट सब कुछ इंटरनेट के भरोसे है। लेकिन अक्सर देखा जाता है कि घर के किसी कोने में नेट स्लो चलता है, कभी-कभी Wi-Fi अपने-आप डिस्कनेक्ट हो जाता है या फिर बिल्कुल काम नहीं करता।
खासकर Tier-2 और Tier-3 शहरों में रहने वाले यूजर्स को ये समस्याएं ज्यादा झेलनी पड़ती हैं। अच्छी बात यह है कि ज्यादातर Wi-Fi दिक्कतों को आप घर बैठे ही कुछ आसान तरीकों से ठीक कर सकते हैं।

इंटरनेट बंद है या सिर्फ Wi-Fi?
अगर आपके घर का Wi-Fi अचानक काम करना बंद कर दे, तो सबसे पहले यह कन्फर्म करें कि समस्या Wi-Fi में है या पूरे इंटरनेट कनेक्शन में। राउटर पर लाल या ब्लिंक करती लाइट दिखे तो यह ISP की तरफ से दिक्कत का संकेत हो सकता है। एक ही वेबसाइट को मोबाइल, लैपटॉप या दूसरे डिवाइस पर खोलकर देखें। अगर किसी भी डिवाइस पर इंटरनेट नहीं चल रहा, तो संभव है कि आपके इलाके में नेटवर्क डाउन हो।
राउटर और मॉडेम को रीस्टार्ट करें
यह तरीका भले ही आसान लगे, लेकिन कई बार यही सबसे असरदार समाधान होता है। राउटर और मॉडेम को बंद करें, प्लग निकालें, करीब 30 सेकंड रुकें और फिर दोबारा चालू करें। इससे छोटे-मोटे सॉफ्टवेयर ग्लिच क्लियर हो जाते हैं और इंटरनेट पहले से बेहतर चलने लगता है।
राउटर की जगह भी परेशानी की वजह
अगर आपका राउटर किसी कोने में, TV के पीछे या अलमारी के अंदर रखा है, तो Wi-Fi सिग्नल पूरे घर में ठीक से नहीं पहुंच पाएगा। राउटर को घर के बीचों-बीच, खुले और थोड़े ऊंचे स्थान पर रखें। मोटी दीवारों, लोहे की चीज़ों और माइक्रोवेव जैसे किचन अप्लायंसेज से इसे दूर रखें, क्योंकि ये सिग्नल को कमजोर कर देते हैं।
क्या एक साथ बहुत सारे डिवाइस जुड़े हैं?
आजकल एक ही Wi-Fi से कई मोबाइल, लैपटॉप, स्मार्ट TV, CCTV और अन्य डिवाइस कनेक्ट रहते हैं। अगर एक साथ बहुत सारे डिवाइस इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो स्पीड स्लो होना तय है।
मोबाइल से Wi-Fi स्पीड जरूर चेक करें
Wi-Fi स्पीड जांचने के लिए किसी फ्री स्पीड टेस्ट ऐप या वेबसाइट का इस्तेमाल करें। राउटर के पास खड़े होकर एक बार टेस्ट करें और फिर घर के दूसरे कमरे में जाकर दोबारा टेस्ट करें। अगर दोनों जगह स्पीड में बड़ा फर्क दिखे, तो यह साफ संकेत है कि आपके घर में Wi-Fi रेंज की समस्या है।
- 2.4GHz और 5GHz बैंड बदलकर देखें
- ज्यादातर नए राउटर में 2.4GHz और 5GHz दोनों बैंड होते हैं।
- 2.4GHz की रेंज ज्यादा होती है लेकिन स्पीड कम
- 5GHz की स्पीड तेज होती है लेकिन दीवारों के आर-पार सिग्नल कमजोर पड़ सकता है।
अगर बार-बार डिस्कनेक्शन हो रहा है, तो फोन या राउटर सेटिंग में जाकर बैंड बदलकर देखें और जो बेहतर काम करे, उसी का इस्तेमाल करें।
केबल और पावर सप्लाई भी चेक करें
ढीली या खराब केबल भी Wi-Fi प्रॉब्लम की बड़ी वजह हो सकती है। ब्रॉडबैंड केबल, Ethernet वायर और पावर एडॉप्टर को अच्छी तरह चेक करें। अगर आपके इलाके में बार-बार बिजली जाती है या वोल्टेज फ्लक्चुएशन होता है, तो स्टेबलाइजर या पावर बैकअप राउटर को सुरक्षित रख सकता है।
राउटर फर्मवेयर अपडेट या फैक्ट्री रीसेट
कई बार राउटर का पुराना फर्मवेयर भी इंटरनेट स्लो कर देता है। राउटर के ऐप या वेब सेटिंग में जाकर अपडेट जरूर चेक करें। अगर अपडेट के बाद भी समस्या बनी रहे, तो फैक्ट्री रीसेट आखिरी विकल्प हो सकता है। ध्यान रहे, रीसेट से पहले Wi-Fi का नाम और पासवर्ड नोट कर लें।
कब कॉल करें इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर को?
अगर आपने ऊपर बताए सभी उपाय आजमा लिए हैं और फिर भी Wi-Fi ठीक नहीं चल रहा, तो अब अपने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क करना ही सही रहेगा।


Click it and Unblock the Notifications








