Bitcoin क्या है, इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं...?
हाल ही में टेस्ला ने बिटकॉइन में डेढ़ अरब डॉलर की इनवेस्टमेंट की है। जैसे ही ईलॉन मस्क ने ये इनवेस्टमेंट की, एक बार फिर से बिटकॉइन की वेल्यू में उछाल आ गया और हर जगह बिटकॉइन की चर्चा होने लगी। टेस्ला ने बयान जारी किया है कि आने वाले वक्त में ग्राहक उनके प्रोडक्ट्स या कार खरीदने के लिए इस करेंसी का इस्तेमाल कर सकते हैं। बता दें कि इस वक्त एक बिटकॉइन की कीमत 26 लाख रुपए हो चुकी है। हालांकि बिटकॉइन की कीमत में उछाल और गिरावट होती रहती है। खैर, आज हम आपको बताएंगे कि आखिर ये बिटकॉइन क्या है, आप इसे खरीद सकते हैं।

क्या है बिटकॉइन
जिस तरह आप किसी सामान्य मुद्रा को देख सकते हैं या छू सकते हैं, बिटकॉइन के साथ आप ऐसा नहीं कर सकते। ये एक वर्चुअल करेंसी है। इसे क्रिप्टोकरेंसी भी कहा जाता है। बिटकॉइन को साल 2009 में सातोशी नाकामोतो नाम के एक व्यक्ति ने बनाया था। उस वक्त एक बिटकॉइन की कीमत 5 या 6 रुपए थी। लेकिन अब इसकी कीमत लाखों रुपए तक पहुंच चुकी है।
बिटकॉइन का इस्तेमाल सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से ही किया जा सकता है। यानि जहां इस करेंसी को स्वीकार किया जाता है, आप वहां बिटकॉइन के ज़रिए पेमेंट करके सामान खरीद सकते हैं।इंटरनेशनल लेवल पर बिटकॉइन से पेमेंट करना फायदेमंद है। बिटकॉइन किसी देश या सरकार द्वारा जारी की गई करेंसी नहीं है और ना ही इस पर किसी संस्था का रेगुलेशन है।
बिटकॉइन कैसे खरीदें
कई ऐसी ऑनलाइन मार्केट हैं जहां बिटकॉइन्स की खरीद-फरोख्त होती है। काफी ऐसी वेबसाइट्स भी हैं जो इन्हें खरीदती या बेचती हैं। आसान ही भाषा में समझें तो जिस तरह से डिजिटली कैश ट्रांसफर होता है वैसे ही बिटकॉइन का भी इस्तेमाल होता है। यूजर्स को इसकी ट्रेडिंग के लिए अकाउंट बनाना होता है।
इसके लिए आपको किसी क्रिप्टोकरंसी एक्सचेंज प्लैटफॉर्म पर रजिस्टर करना होगा। जैसे कि वज़ीरएक्स, बाइनैंस, ज़ेबपे। ट्रेडिंग शुरू करने से पहले देने होंगी कुछ बेसिक जानकारी- आधार, पैन, अपने नाम पर कोई बैंक अकाउंट, ईमेल एड्रेस और फोन नंबर। इसके बाद आप बिटकॉइन खरीद और बेच सकते हैं।
बिटकॉइन वॉलेट
बिटकॉइन्स आपके एक डिजिटल वॉलेट में स्टोर होते हैं। इस वॉलेट को बिटकॉइन वॉलेट कहा जाता है। इसका एक पासवर्ड होता है जिसके जरिए आप इसे ओपन करते हैं और बिटकॉइन्स का इस्तेमाल करते हैं।
बिटकॉइन सुरक्षित है?
सवाल यही आता है कि क्या बिटकॉइन का इस्तेमाल करना सुरक्षित है। बिटकॉइन थोड़ा सा असुरक्षित है क्योंकि इसमें लेनदेन का रिकॉर्ड नहीं होता है। ज्यादातर लोग गैरकानूनी कामों के लिए ही बिटकॉइन का इस्तेमाल करते हैं।
क्या भारत में बिटकॉइन लीगल है?
मार्च 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने बिटकॉइन पर लगी रोक को हटा दिया था। यानि अब इसकी खरीद-बिक्री पर कोई कानूनी रोक नहीं है। लेकिन इनका इस्तेमाल सामान खरीदने के लिए नहीं कर सकते। कहने का मतलब, किसी दुकान या ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से कोई चीज खरीदते समय रुपये के बदले बिटकॉइन का इस्तेमाल नहीं हो सकता।


Click it and Unblock the Notifications