ऑडियो मैसेज को सुनने की टेंशन खत्म!, अब WhatsApp के नए फीचर से आसानी से करें टेक्स्ट में कन्वर्ट
इंस्टिंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp में एक नया और मजेदार फीचर जोड़ा गया है, जिसका नाम है 'Voice Message Transcripts' फीचर। इस फीचर की मदद से किसी भी ऑडियो नोट को टेक्स्ट में बदला जा सकता है। इस लेटेस्ट फीचर की खास बात यह है कि यूजर्स को वीडियो सुनने की जरूरत भी नहीं होगी और वे किसी टेक्स्ट मैसेज की तरह उसे पढ़ सकेंगे।
यह सुविधा कंपनी ने एंड्रॉयड और iOS दोनों के लिए शुरू की है। इस फीचर्स का इस्तेमाल उस जगह पर करना ज्यादा फायदमेंद होगा, जब यूजर्स रास्ते में जा रहे हों या फिर किसी शोर-शराबे वाली जगह पर फंसे हो। ऐसे में यूजर्स ऑडियो को सुने बिना ही और वॉइस मैसेज कंटेंट का पता लगाए बिना आसानी से मैसेज को पढ़ सकेंगे।

Voice Message Transcripts फीचर का कैसे होगा यूज
कंपनी ने इस फीचर को स्टेबल वर्जन का हिस्सा बनाया है। यानी की इस फीचर के लिए आपको WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करना होगा। इसके बाद आपको व्हाट्सऐप की सेटिंग में जाने के बाद चैट सेक्शन पर जाना होगा, जहां आपको Voice Message Transcripts फीचर का ऑप्शन नजर आएगा। आपको इसके सामने नजर आ रहे टॉगल को इनेबल करना होगा। इसके बाद ट्रांस्क्रिप्शन के लिए आपको अपनी लैंग्वेज को सिलेक्ट करना होगा।
इसके बाद फीचर एक्टिवेट हो जाएगा और आप बड़ी ही आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। आपको बस वॉइस मैसेज पर लॉन्ग टैप करना है, इसके बाद आप ऑडियो मैसेज को अपनी स्क्रीन पर टैक्स्ट मैसेज की तरह पढ़ने में सक्षम होंगे।
प्राइवेसी का भी रखा गया पूरा ध्यान
ट्रांस्क्रिप्शन की पूरी प्रक्रिया यूजर्स के डिवाइस पर ही होती है और इन वॉइस मैसेज को किसी बाहरी सर्वर पर नहीं भेजा जा सकता है। जिसके चलते यूजर्स को पूरी प्राइवेसी मिलती है और व्हाट्सऐप यूजर्स के वॉइस मैसेज को एक्सेस भी नहीं कर सकता है। कुल मिलाकर WhatsApp का ये फीचर पूरी तरह से प्राइवेसी पर फोकस करता है।
व्हाट्सऐप का कहना है कि ट्रांसक्रिप्शन को दिखाई देने में थोड़ा समय लग सकता है। कंपनी का यह भी कहना है कि अगर यूजर्स को Transcript Unavailable एरर दिखाई दे तो इसका मतलब है कि वह ट्रांसक्रिप्ट लैंग्वेज अनसपोर्टेड हैं या बैकग्राउंड में ज्यादा शोर होने की वजह से शब्द को पहचान नहीं पा रहा है या वॉयस मैसेज लैंग्वेज का सपोर्ट नहीं है। इसके साथ ही कंपनी ने सावधानी बरतनी की भी सलाह दी है, क्योंकि वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन के गलत होने की संभावना भी रहती है।


Click it and Unblock the Notifications








