फोन में ब्लास्ट क्यों होता है? ये 5 गलतियां जानलेवा हैं!
Mobile blast reason: स्मार्टफोन ब्लास्ट की घटनाएं अक्सर सुनने को मिल जाती हैं। कई बार तो फोन के फटने की वजह से जानमाल का नुकसान भी हो जाता है। यहां तक कि जान जाने तक की नौबत आ जाती है। स्मार्टफोन ब्लास्ट होने की कई वजह होती हैं।
खासकर, गर्मियों में तो कुछ ऐसी मिस्टेक होती हैं, जो भूलकर भी नहीं करनी चाहिए। आइए जानते हैं कि आखिर क्यों होते हैं स्मार्टफोन ब्लास्ट और इनसे बचने के लिए हमें क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।

क्यों फटते हैं स्मार्टफोन?
स्मार्टफोन के ब्लास्ट होने का सबसे बड़ा कारण उनकी लिथियम-आयन बैटरी होती है। इन बैटरियों में पॉजिटिव और नेगेटिव इलेक्ट्रोड का एक नाजुक संतुलन होता है, जो इन्हें रिचार्ज करने की अनुमति देता है। जब कुछ गलत हो जाता है, तो बैटरी प्रभावित होती है और कई बार इसकी वजह से ब्लास्ट भी हो जाता है।
चार्जिंग के दौरान ओवरहीटिंग
जब फोन चार्ज हो रहा होता है और साथ ही उसका उपयोग भी किया जा रहा होता है (जैसे गेम खेलना, वीडियो देखना), तो बैटरी और प्रोसेसर पर बहुत अधिक दबाव पड़ता है, जिससे वे बहुत ज्यादा गर्म हो जाते हैं।
सीधी धूप या गर्म वातावरण
फोन को सीधी धूप में या कार के डैशबोर्ड जैसे गर्म स्थानों पर लंबे समय तक रखने से बैटरी का तापमान बढ़ जाता है, जिससे थर्मल रनवे की स्थिति बन सकती है, जिसमें बैटरी और अधिक गर्मी पैदा करती है और अंततः आग पकड़ लेती है।
तकिए के नीचे रखना
सोते समय फोन को तकिए के नीचे रखने से भी गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और फोन ज्यादा गर्म हो जाता है।

नकली चार्जर/केबल
घटिया क्वालिटी वाले नकली चार्जर और केबल का उपयोग करने से बैटरी को गलत वोल्टेज या करंट मिल सकता है, जिससे ओवरचार्जिंग या ओवरहीटिंग हो सकती है।
मैन्यूफैक्चरिंग डिफेक्ट
कुछ बैटरियों में मैन्यूफैक्चरिंग डिफेक्ट हो सकते हैं, जो आपके लिए मुसीबत बन सकते हैं। इसलिए जब भी कुछ ऐसा लगे तो तुरंत रिपेयरिंग दुकान पर फोन को दिखा लेना चाहिए।
सॉफ्टवेयर की समस्या
कुछ मामलों में मैलवेयर या सॉफ्टवेयर में बग प्रोसेसर को ज्यादा काम करने के लिए मजबूर कर सकते हैं, जिससे फोन गर्म हो सकता है।
स्मार्टफोन ब्लास्ट से बचने के तरीके
स्मार्टफोन ब्लास्ट जैसे खतरनाक हादसों से बचने के लिए कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए।
हमेशा असली चार्जर और केबल का उपयोग करें- अपने फोन के साथ आए असली चार्जर और केबल का ही यूज करें। अगर आपको नया चार्जर या केबल खरीदना है, तो केवल वही चार्जर या केबल खरीदें, जिसे सर्टिफिकेशन मिला हो।
चार्जिंग के दौरान फोन का उपयोग न करें- फोन को चार्ज करते समय उसका यूज करने से बचें, खासकर गेम खेलने या वीडियो देखने जैसे भारी कामों के लिए।
फोन को ज्यादा चार्ज न करें- जैसे ही आपका फोन पूरी तरह से चार्ज हो जाए, उसे चार्जर से हटा दें। रात भर फोन को चार्जिंग पर लगा कर न छोड़ें।
फोन को अत्यधिक गर्मी से बचाएं- फोन को सीधी धूप में या कार के अंदर, खिड़की के पास, या रसोई के चूल्हे के पास जैसे गर्म स्थानों पर न रखें। चार्ज करते समय फोन को किसी तकिए या नरम सतह पर न रखें, क्योंकि इससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती है।
बैटरी के फूलने पर ध्यान दें- अगर आपके फोन की बैटरी फूली हुई या उसमें कोई उभार दिखाई दे, तो तुरंत किसी अधिकृत सेवा केंद्र पर जाकर उसे बदलवाएं। फूली हुई बैटरी विस्फोट का बड़ा संकेत है।
सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें- अपने फोन के सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट करते रहना बहुत जरूरी है। सॉफ्टवेयर अपडेट में अक्सर परफॉर्मेंस अपग्रेड और बग फिक्स शामिल होते हैं जो ओवरहीटिंग को रोकने में मदद कर सकते हैं।
इन सावधानियों का पालन करके आप अपने स्मार्टफोन के सेफ यूज को सुनिश्चित कर सकते हैं और संभावित हादसों से बच सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications