WWDC 2025: Apple लाएगा नया यूजर इंटरफेस, स्मार्ट AI फीचर्स और गेमिंग ऐप, जानें क्या होगा खास
Apple WWDC 2025: टेक्नोलॉजी की दुनिया में Apple की सबसे बड़ी सालाना इवेंट, WWDC 2025 (Apple Worldwide Developers Conference), 9 जून से 13 जून तक आयोजित होने जा रही है। यह इवेंट खासतौर पर डेवलपर्स के लिए होता है, लेकिन इसके पहले दिन की ओपनिंग कीनोट में ऐसी घोषणाएं होती हैं, जो करोड़ों iPhone, iPad और Mac यूजर्स को प्रभावित करती हैं। इस बार के WWDC को अब तक का सबसे बड़ा सॉफ्टवेयर-फोकस्ड इवेंट माना जा रहा है।

मिलेगा नया इंटरफेस
इस बार सबसे बड़ा हाइलाइट iOS, iPadOS, macOS, watchOS और tvOS का एक नया विजुअल डिजाइन होगा, जिसे कोडनेम 'Solarium' दिया गया है। इसमें Apple Vision Pro से प्रेरित राउंडेड आइकॉन्स, ट्रांसलूसेंट मेन्यू और ज्यादा मॉडर्न लुक देखने को मिलेगा। यह बदलाव iOS 7 के बाद का सबसे बड़ा UI रीडिजाइन माना जा रहा है, जिससे सभी Apple डिवाइस पर एकसमान और प्रीमियम अनुभव मिलेगा।
वर्जन नंबर की बजाय ईयर बेस्ड नाम?
Apple अब अपने सॉफ़्टवेयर वर्जन के नाम में बदलाव कर सकता है। यानी iOS 19 की जगह अब इसे iOS 2026 कहा जा सकता है। इससे यूजर्स को यह समझने में आसानी होगी कि सॉफ़्टवेयर कब रिलीज हुआ, और सभी Apple प्लेटफॉर्म पर नाम एक जैसा रहेगा।
iOS 26 और iPadOS 26 में क्या होगा नया?
iOS 26 में वाई-फाई कनेक्ट करने की प्रक्रिया को और आसान बनाया जा सकता है, जिससे Apple डिवाइस के बीच वाई-फाई शेयरिंग फास्ट और आसान होगी। इसके अलावा, AI बेस्ड बैटरी ऑप्टिमाइजेशन, चार्जिंग टाइम प्रेडिक्शन, और स्मार्ट नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
iPhone 15 और इससे नए मॉडलों में USB-C पोर्ट के चलते डेस्कटॉप मोड जैसे फीचर्स आ सकते हैं, जिसमें यूजर एक्सटर्नल डिस्प्ले से डिवाइस को जोड़कर लैपटॉप जैसा अनुभव ले सकेंगे।
iPadOS 26 में Mac-स्टाइल मेन्यू बार और Stage Manager में सुधार देखने को मिलेगा, जिससे मल्टीटास्किंग का अनुभव और बेहतर होगा।
गेमिंग ऐप की हो सकती है घोषणा
WWDC 2025 में Apple एक नया क्रॉस-प्लेटफ़ॉर्म गेमिंग ऐप लॉन्च कर सकता है। यह ऐप Game Center और Apple Arcade के फीचर्स को जोड़कर, गेम्स ट्रैक करने, दोस्तों से कनेक्ट करने और डिवाइस पर गेम्स को जल्दी लॉन्च करने की सुविधा देगा।
Apple Intelligence और Siri होंगे और स्मार्ट
पिछले साल पेश किया गया Apple Intelligence इस बार और एडवांस रूप में वापस आ सकता है। Siri अब स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट को समझकर स्मार्ट सुझाव दे सकेगी, जैसे मेल से कैलेंडर इवेंट जोड़ना। इसके साथ AI आधारित फिटनेस कोच, बैटरी मैनेजमेंट और हेल्थ टिप्स जैसे फीचर्स आ सकते हैं।
Mac Pro हो सकता है लॉन्च?
हालांकि WWDC सॉफ़्टवेयर इवेंट है, लेकिन इस बार M4 चिप से लैस Mac Pro की घोषणा हो सकती है। इसके अलावा, Vision Pro के सक्सेसर के रूप में स्मार्ट ग्लासेस का टीजर भी देखने को मिल सकता है।
WWDC 2025 सिर्फ डेवलपर्स ही नहीं, बल्कि आम Apple यूजर्स के लिए भी कई रोमांचक अपडेट्स लेकर आ रहा है। चाहे बात हो इंटरफेस के बड़े बदलाव की, Siri के स्मार्ट बनने की या गेमिंग अनुभव के सुधार की। यह इवेंट Apple की भविष्य की दिशा तय करेगा।


Click it and Unblock the Notifications








