Galaxy Z Fold 6 और Flip 6 के सभी स्पेसिफिकेशन लॉन्च से पहले लीक, मिलेंगे ये खास बदलाव
टेक कंपनी Samsung के अगले गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट (Galaxy Unpacked event) से ठीक एक हफ़्ते पहले ही आगामी Galaxy Z Fold 6 और Flip 6 के सभी स्पेसिफिकेशन लीक हो गए हैं।
दोनों फोन्स के लीक जाने-माने टेक लीकर इवान ब्लास के द्वारा आया है, जिन्होंने अपने सबस्टैक न्यूजलैटर में सैमसंग के इन आगामी दोनों फोन्स की मार्केटिंग इमेज शेयर की हैं।

लीक हुई जानकारी कुछ खास बदलाव पर फोकस करती है, जिसमें फोल्ड 6 के लिए एक ब्राइट स्क्रीन और एक बड़ी बैटरी, और फ्लिप 6 के लिए बेहतर कूलिंग शामिल है।
Galaxy Z Flip 6 - गैलेक्सी Z फ्लिप 6 अपने पुराने मॉडल के समान ही डिस्प्ले साइज को बरकरार रखता है। इसमें एक 3.4-इंच कवर स्क्रीन और 6.7 इंच की मेन फोल्डेबल डिस्प्ले मिल रहा है।

प्राइमरी स्क्रीन फुल HD+ रिजॉल्यूशन और 120Hz वैरिएबल रिफ्रेश रेट ऑफर करती है, जबकि कवर स्क्रीन में 720 x 748 पिक्सल रिजॉल्यूशन है और यह 60Hz पर संचालित है।
फ्लिप 6 के कैमरा सेटअप में 50MP प्राइमरी सेंसर का अपग्रेड देखने को मिलता है, जबकि 12MP अल्ट्रावाइड सेंसर और 10MP सेल्फी कैमरा है। बैटरी बैकअप की बात करें तो इसमें 4,000mAh की बैटरी होने की उम्मीद है, जो Z Flip 5 में 3,700mAh की बैटरी से ज्यादा है।

इसके अलावा, फ्लिप 6 कथित तौर पर सीरीज का पहला फोन होगा, जिसमें वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम मिलेगा, जो इसके गर्मी को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद करेगा।
Galaxy Z Fold 6 - फोल्ड 6 में 6.3-इंच कवर स्क्रीन और 7.6-इंच मेन फोल्डेबल डिस्प्ले है। इसके दोनों डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट और 2,600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस ऑफर करते हैं। फोल्ड 6 अपने पिछले मॉडल के मुकाबले थोड़ा लाइट होने की उम्मीद है। यानी कि, फोल्ड 5 के 253 ग्राम की तुलना में फोल्ड 6 का वजन 239 ग्राम है और इसमें अपने पिछले मॉडल की तरह ही 4,400mAh की बैटरी शामिल होगी।
कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है, इसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर, 12MP का अल्ट्रावाइड सेंसर और 3x ऑप्टिकल ज़ूम के साथ 10MP का टेलीफ़ोटो सेंसर मिलता है। साथ ही डुअल फ्रंट-फेसिंग कैमरे भी हैं। कवर स्क्रीन पर 10MP का सेंसर और मेन डिस्प्ले पर 4MP का सेंसर मिलता है।
दोनों फोल्डेबल फोन में परफॉर्मेंस के लिए स्नैपड्रैगन 8 जेन 3 प्रोसेसर मिलेगा, जो 12GB रैम के साथ जोड़ा जाएगा और 256GB और 512GB के स्टोरेज ऑप्शन के साथ आएगा। जबकि, फोल्ड 6 में 1TB स्टोरेज वेरिएंट भी मिल सकता है।
गैलेक्सी Z फोल्ड 6 और Z फ्लिप 6 में धूल और पानी के सुरक्षा के लिए IP48 रेटिंग मिलने की उम्मीद है। फोन में आर्मर एल्युमीनियम से बने फ्रेम हैं और डिस्प्ले को कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 द्वारा संरक्षित किया जाएगा।
दोनों फोन सैमसंग के वन UI 6.1.1 के साथ Android 14 चलाएंगे, जिसमें गैलेक्सी AI शामिल है। यूजर्स को इसके अलावा इसमें सर्किल टू सर्च, इंटरप्रेटर मोड और नोट्स समराइजेशन जैसी फैसलिटी भी मिल रही है।
कनेक्टिविटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट रीडर, स्टीरियो स्पीकर, डुअल-सिम सपोर्ट और 5G, वाई-फाई 6E, ब्लूटूथ 5.3, NFC और USB 3.2 जेन 1 टाइप-सी पोर्ट जैसे ऑप्शन मिलते हैं। हालांकि, सैमसंग DeX सपोर्ट गैलेक्सी Z फोल्ड 6 के लिए एक्सक्लूसिव होने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications








