इंटेक्स भारत में लाया 3 सिमकार्ड वाला मोबाइल

सच पूछिए तो तीन-तीन मोबाइल फोन रखने वालों के लिए यह बहुत अच्छी खबर है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब उन्हें तीन-तीन हैंडसेट नहीं रखने पड़ेंगे। इस मोबाइल में जीपीआरएस सिस्टम है और जावा पर काम करता है। बैटरी बैकअप इतना अच्छा है कि आप 7 घंटे लगातार बात कर सकते हैं और 300 घंटे स्टैंडबाई मोड में रख सकते हैं। इसकी टीएफटी स्क्रीन 5.58 सेंटीमीटर की है, 1.3 मेगापिक्सेल कैमरा है और स्क्रीन में 65 हजार रंग हैं। कैमरे को आप वेबकैम की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
यही नही इसमें ब्लूटूथ, मोबाइल ट्रैकर, आंसरिंग मशीन, ऑटो कॉल रिकॉर्ड, 1000 नंबर को सहेजने वाली फोनबुक, दो मेमोरी कार्ड लगाने की सुविधा है, जिसमें 16 जीबी तक मेमोरी कार्ड लगा सकते हैं। इसमें वीडियो प्लेयर, एमपी4, 3जीपी फाइल्स, ऑडियो प्लेयर। इस मोबाइल से आप 3.5 एमएम जैक वाले स्पीकर भी कनेक्ट कर सकते हैं।
यह मोबाइल अंग्रेजी व हिन्दी भाषा को सपोर्ट करता है। यानी इंटेक्स का यह मोबाइल शहरी व ग्रामीण दोनों उपभोक्ताओं को देखते हुए बनाया गया है। सबसे खास फीचर इसका यह है कि आप इसे कंप्यूटर से कनेक्ट कर सीधे इंटरनेट इस्तेमाल कर सकते हैं।
मोबाइल पर फेसबुक, एमएसएन, गूगल, याहू आदि आसानी से ब्राउज़ कर सकते हैं। एक कॉल करते समय आप आसानी से दूसरे सिम की ओर स्विच करके दूसरी कॉल कर सकते हैं। या फिर कॉल करते वक्त दूसरे सिम पर आ रही अन्य कॉल को रिसीव भी कर सकते हैं।
इतने सारे फीचरों से लैस इंटेक्स ट्राई.डू काफी सस्ता भी है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत 3750 रुपए है। यदि आप मोबाइल खरीदने जायेंगे तो इसका आकर्षक हैंडसेट आपको जरूर पसंद आयेगा। यह फोन देश के हर छोटे-बड़े शहरों में उपलब्ध है।


Click it and Unblock the Notifications