Apple के नाम पर नया iPhone Scam! जानिए कैसे फर्जी ‘Find My' अलर्ट से चुरा रहे हैं यूजर्स के Apple ID
अगर आपका iPhone खो जाए तो वह पल किसी झटके से कम नहीं होता, और ऐसे में अगर कोई मैसेज आए कि "आपका iPhone मिल गया है", तो राहत महसूस होना लाज़मी है। लेकिन साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट्स के अनुसार, यही "राहत" अब एक नए फ़िशिंग स्कैम का जाल बन चुकी है।
हाल ही में स्विट्जरलैंड की नेशनल साइबर सिक्योरिटी सेंटर (NCSC) ने चेतावनी जारी की है कि iPhone यूज़र्स को अब Apple की Find My सर्विस के नाम पर ठगा जा रहा है। स्कैमर्स यूज़र्स को झांसा देकर उनका Apple ID और पासवर्ड हासिल कर रहे हैं, जिससे चोरी हुए iPhone को दोबारा बेचा जा सके।

कैसे काम करता है Scam?
दरअसल, Apple का Find My iPhone फीचर खोए हुए फोन को ट्रैक करने में मदद करता है। जब कोई यूज़र अपना iPhone "Lost Mode" में डालता है, तो वो लॉक स्क्रीन पर एक कस्टम मैसेज दिखा सकता है, जैसे "अगर यह डिवाइस मिले तो इस नंबर पर संपर्क करें।"
स्कैमर्स इसी सिस्टम का फायदा उठाते हैं। वे पहले उन नंबरों या ईमेल आईडी को टारगेट करते हैं जो "Lost iPhone" रिपोर्ट में इस्तेमाल हुई थीं। फिर वे iMessage या SMS के ज़रिए एक फर्जी मैसेज भेजते हैं जो बिल्कुल Apple के असली नोटिफिकेशन जैसा दिखता है।
जैसे ही यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, वह एक नकली Find My पेज पर पहुंच जाता है जो Apple की असली वेबसाइट की हूबहू कॉपी होती है। यहां लॉगिन करते ही यूज़र का Apple ID और पासवर्ड स्कैमर्स के सर्वर पर पहुंच जाता है।
उदाहरण के तौर पर ऐसा होता है मैसेज "We are pleased to inform you that your lost iPhone 14 128GB Midnight has been successfully located. To view the current location, click the link below..."
यह मैसेज इतना असली लगता है कि कोई भी यूजर बिना सोचे-समझे लिंक पर क्लिक कर दे। लेकिन जैसे ही वह लॉगिन करता है, उसका अकाउंट और डेटा दोनों हैकर्स के कब्जे में चला जाता है।
क्यों है यह स्कैम इतना खतरनाक?
यह स्कैम केवल आपके Apple ID को खतरे में नहीं डालता, बल्कि आपके iCloud में मौजूद सभी डेटा, फ़ोटो, कॉन्टैक्ट, बैकअप और पेमेंट जानकारी तक एक्सेस दे देता है।
साथ ही, स्कैमर्स चोरी हुए iPhone को iCloud Unlock करवाकर बेच देते हैं, जिससे यूज़र का फोन और अकाउंट दोनों ही हाथ से निकल जाते हैं।
ऐसे करें खुद को सेफ
- कभी भी किसी लिंक पर क्लिक न करें जो "Apple" या "Find My" के नाम पर आए।
- अगर मैसेज असली लगता भी हो, तो पहले URL को ध्यान से देखें।
- असली Apple साइट हमेशा "apple.com" पर खत्म होती है।
- Apple ID डालने से पहले ब्राउज़र में लॉगिन करें।
- चेक करें कि आपका iPhone असली Find My में दिख रहा है या नहीं।
- अपने iPhone में SIM PIN Lock और Two-Factor Authentication ऑन रखें।
- अगर आपको लगे कि आपने गलती से अपनी जानकारी साझा कर दी है।
- तुरंत appleid.apple.com जाकर पासवर्ड बदलें।
- cybercrime.gov.in या स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज करें।
डिजिटल भरोसे का नया इम्तिहान
यह स्कैम इस बात का सबूत है कि AI और फेक वेबसाइट्स के युग में "क्लिक करने से पहले सोचो" वाली बात पहले से कहीं ज़्यादा जरूरी हो चुकी है। Apple के यूज़र्स को अब केवल हार्डवेयर नहीं, बल्कि डिजिटल सावधानी से भी लैस रहना होगा, क्योंकि अब फोन चोरी नहीं, Apple ID चोरी ज़्यादा नुकसानदायक साबित हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications