Nothing Phone 3 vs Nothing Phone 2: क्या 80,000 देकर वाकई अपग्रेड के लायक है नया डिवाइस?
Nothing Phone 3 vs Nothing Phone 2: Nothing Phone 3, जिसने अपने लॉन्च से काफी पहले पूरे स्मार्टफोन मार्केट में खलबली मचा दी थी। इस फोन के आने से पहले ही इसके फीचर्स और फ्लैगशिप होने के दावे ने कंज्यूमर्स की उम्मीदें बढ़ा दी थीं। यहीं लहर हमें Nothing Phone 2 के समय भी देखने को मिली थी, लेकिन क्या वाकई नया डिवाइस इस हाइप का हकदार है?
इसके साथ ही 2 साल के लंबे इंतजार की परवाह करते हुए CEO कॉर्ल पाई ने भी इसे कंपनी के पहले फ्लैगशिप की जगह दी है और इसे अन्य ब्रांड के डिवाइस से काफी बेहतर बताया है। हालांकि पहला सवाल यह उठता है कि क्या ये नया फोन मार्केट में पहले से स्थिर अन्य फ्लैगशिप डिवाइस को टक्कर देगा। जबकि दूसरा सवाल ये है कि ये डिवाइस अपने पिछले मॉडल से कितना अलग है कि इसे फ्लैगशिप का दर्जा दिया जा रहा है। यहां हम जानेंगे कि Nothing Phone 3 कंपनी के पिछले मॉडल Nothing Phone 2 से क्यों और कितना बेहतर है? क्या 79,999 रुपये देकर इसे अपग्रेड करना सही होगा?

ब्रिटिश टेक ब्रांड Nothing के सीईओ ने फोन को लेकर कहा कि इस बार कंपनी ने सिर्फ पुराने फॉर्मूले को फॉलो नहीं किया, बल्कि अपनी पहचान को और ज्यादा निखारने का काम किया है। वहीं, पिछले साल लॉन्च हुआ Nothing Phone (2) अब 28,999 की कीमत पर उपलब्ध है। तो क्या नया फोन इतना बेहतर है कि आप फोन (2) को छोड़कर अपग्रेड करें?
डिजाइन में इवोल्यूशन
Nothing Phone (2) ने नथिंग की ट्रांसपेरेंट डिजाइन को बैलेंस्ड और सॉफिस्टिकेटेड बनाया था। जबकि Phone (3) एकदम अलग दिशा में जाता है। इसमें आपको अब एसिमेट्रिक कैमरा मॉड्यूल है, लेकिन इसका अजीब लुक भी स्टाइल में है।
Phone (3) में पहली बार Glyph Matrix फीचर को जोड़ा गया है। यह एक 25x25 माइक्रो-LED ग्रिड है, जो नोटिफिकेशन, टाइमर और यहां तक कि 'Glyph Toys' जैसे फंक्शन दिखा सकता है। इसमें एक Glyph बटन भी है, जिससे आप इन फंक्शन को स्विच कर सकते हैं। डिजाइन अब केवल शो-पीस नहीं, बल्कि एक इंटरैक्टिव टूल है।
हालांकि अभी भी ये सवाल है कि इस नए और यूनिक फीचर का इस्तेमाल कंज्यूमर्स के लिए कितना जरूरी है।
| फीचर | Nothing Phone (2) | Nothing Phone (3) |
| डिजाइन | सिमेट्रिकल कैमरा और क्लासिक Glyph लाइट्स | एसिमेट्रिक कैमरा मॉड्यूल, नया Glyph Matrix (25x25 माइक्रो-LED), नया Glyph बटन |
| बैटरी | 4700mAh, 45W फास्ट चार्जिंग | 5500mAh Silicon-Carbon, 65W फास्ट चार्जिंग |
| वायरलेस चार्जिंग | 15W वायरलेस, 5W रिवर्स चार्जिंग | 15W वायरलेस, 5W रिवर्स चार्जिंग |
| कैमरा सेटअप | डुअल: 50MP वाइड + 50MP अल्ट्रा-वाइड | ट्रिपल: 50MP वाइड + 50MP अल्ट्रा-वाइड + 50MP टेलीफोटो (3x ज़ूम) |
| वीडियो रिकॉर्डिंग | 4K@60fps (पीछे), 1080p@30fps (सेल्फी) | 4K@60fps सभी कैमरा (फ्रंट सहित) |
| प्रोसेसर | Snapdragon 8+ Gen 1 | Snapdragon 8s Gen 4 |
| ऑपरेटिंग सिस्टम | Android 13 (अपग्रेडेबल), Nothing OS 2.x | Android 15, Nothing OS 3.5 (नए AI फीचर्स के साथ) |
| AI फीचर्स | Circle to Search, Gemini | Essential Space, Flip to Record, Essential Search, Circle to Search |
डिस्प्ले और ब्राइटनेस
Phone (3) में 6.67-इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 4500 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आती है। वहीं, Phone (2) में 6.7-इंच LTPO OLED डिस्प्ले है, जिसमें ब्राइटनेस 1600 निट्स तक सीमित है। यानी नए फोन में साइज को लेकर कोई खास अंतर देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन कंपनी ने फोन की ब्राइटनेस को बेहतर करने का प्रयास किया है।
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
Phone (3) में Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट मिलता है, जो ज्यादा एफिशिएंट और लेटेस्ट है, जबकि Phone (2) Snapdragon 8+ Gen 1 पर चलता है। इसके अलावा Phone (3) में Android 15 आधारित Nothing OS 3.5 है, जिसमें AI आधारित Essential Space, Flip to Record, और Essential Search जैसे नए फीचर्स दिए गए हैं।
- Essential Space: एक AI आधारित वर्चुअल असिस्टेंट जो आपकी फाइल्स, नोट्स और टास्क को ऑर्गनाइज करता है।
- Flip to Record: फोन को उल्टा करते ही यह वॉयस रिकॉर्डिंग शुरू कर देता है।
- Essential Search: एक यूनिवर्सल सर्च फीचर जो आपकी डिवाइस में मौजूद हर चीज को तेजी से ढूंढता है।

बैटरी और चार्जिंग में बड़ा अंतर
Phone (3) में 5500mAh की Silicon-Carbon बैटरी है, जो 65W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। वहीं, Phone (2) में 4700mAh बैटरी और 45W चार्जिंग मिलती है। दोनों में 15W वायरलेस और 5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट है।
यानी कंपनी ने नए फोन के साथ बैटरी को अपग्रेड किया है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस पर असर देखने को मिल सकता है, लेकिन क्या इसके लिए 80,000 की बड़ी कीमत चुकाना सही फैसला होगा?
कैमरा: डुअल से ट्रिपल की छलांग
जहां Phone (2) का डुअल कैमरा सेटअप के साथ आता है, जिसमें 50MP वाइड + 50MP अल्ट्रावाइड मिलता है। वहीं Phone (3) में इसमें एक और 50MP टेलीफोटो लेंस जोड़ा गया है, जो 3x ऑप्टिकल जूम के साथ आता है। खास बात ये है कि सभी कैमरा 4K 60fps रिकॉर्डिंग सपोर्ट करते हैं, जिसमें फ्रंट कैमरा भी शामिल है।
यानी कंपनी ने इस फोन में कैमरे को अपग्रेड किया है, जो पुराने मॉडल से कहीं बेहतर है। यानी ब्रांड ने कैमरा की दिशा में एक बड़ा कदम लिया है।
कीमत और वैल्यू फॉर मनी
| फोन मॉडल | वेरिएंट | कीमत (भारत) | वैल्यू फॉर मनी |
| Nothing Phone (3) | 12GB + 256GB | ₹79,999 | नई तकनीक और डिजाइन के साथ प्रीमियम कीमत |
| 16GB + 512GB | ₹89,999 | हाई-एंड यूजर्स के लिए, महंगा विकल्प | |
| Nothing Phone (2) | 8GB + 128GB (बेस मॉडल) | ₹28,999 (Amazon पर) | बेहतरीन परफॉर्मेंस और डिजाइन, बजट में |
| 12GB + 256GB | ~₹34,999 (ऑफर में) | बेहतर स्टोरेज और अब भी वैल्यू फॉर मनी | |
| 12GB + 512GB | ~₹39,999 (ऑफर में) | हाई स्टोरेज और कम कीमत का बैलेंस |
फोन (3) में Nothing Ear फ्री और एक्स्ट्रा वारंटी जैसे लॉन्च ऑफर्स हैं, लेकिन इसकी कीमत इसे एक प्रीमियम सेगमेंट में रखती है जहां प्रतिस्पर्धा बेहद तेज है।
अपग्रेड करना चाहिए या नहीं?
अगर आपके पास पहले से Nothing Phone (2) है और आपको नया डिजाइन, Glyph Matrix, टेलीफोटो कैमरा या AI फीचर्स की कोई खास जरूरत नहीं है, तो अपग्रेड करना जरूरी नहीं है।
लेकिन अगर आप नई टेक्नोलॉजी को एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं, नया एक्सपीरियंस चाहते हैं और आपके लिए डिजाइन के साथ-साथ परफॉर्मेंस भी अहम है, तो Nothing Phone (3) के बारे में सोच सकते हैं।
हालांकि कंपनी ने नए फोन में जिन फीचर्स को अपग्रेड किया है उसके लिए 30,000 से सीधे 80,000 रुपये की कीमत देना सही फैसला नहीं होगा, क्योंकि दूसरी कंपनियां इससे काफी कम प्राइस में इससे कई बेहतर फीचर्स दे रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications








