Room Heater इस्तेमाल से पहले जरूर जानें ये 6 सेफ्टी टिप्स, वरना हो सकता है जानलेवा खतरा!
सर्दी अब दस्तक दे चुकी है, और कई घरों में हीटर धीरे-धीरे अलमारियों से बाहर आने लगे हैं। दिन भले ही अभी इतने ठंडे न हों, लेकिन आने वाले हफ़्तों में तापमान गिरना तय है। अगर आपके घर में पहले से रूम हीटर मौजूद है, तो इसे चलाने से पहले सिर्फ ऑन करना काफी नहीं, बल्कि सेफ्टी चेक करना बेहद जरूरी है।
वहीं अगर आप नया हीटर खरीदने की सोच रहे हैं, तो कुछ एहतियाती कदम आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। आइए इसके बारे में जानते हैं।

हीटर ऑन करने से पहले करें पूरा इंस्पेक्शन
सर्दियों की शुरुआत में हीटर निकालने से पहले उसकी वायरिंग, प्लग, और हीटिंग एलिमेंट्स को अच्छी तरह जांच लें। लंबे समय तक बंद रहने के बाद इनमें धूल या जंग लग सकती है।
प्लग में कोई कट या ढीला कनेक्शन है तो तुरंत बदलें। खराब तारें ओवरहीट होकर शॉर्ट सर्किट या आग लगने का कारण बन सकती हैं।
कमरे को पूरी तरह बंद न करें
अक्सर लोग सोचते हैं कि दरवाज़े-खिड़कियाँ बंद रखने से कमरा जल्दी गर्म हो जाएगा, लेकिन ये सबसे बड़ा खतरा है। हीटर चलाते समय कमरे में थोड़ी वेंटिलेशन जरूर रखें , यानी एक खिड़की या दरवाजा थोड़ा खुला रहे।
बंद कमरे में ऑक्सीजन का स्तर गिरता है, जिससे सांस लेने में तकलीफ या ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
सुरक्षित जगह पर रखें
हीटर हमेशा सपाट, स्थिर और लेवल सतह पर रखें। कई बार लोग हीटर को बिस्तर की ऊंचाई पर रखने के लिए टेबल पर रख देते हैं, लेकिन ध्यान रहे, टेबल मजबूत और संतुलित होनी चाहिए।
कभी भी हीटर के ऊपर टाइल या पत्थर न रखें, ये न सिर्फ़ हीट ब्लॉक करते हैं बल्कि आग लगने का ख़तरा भी बढ़ाते हैं।
रातभर हीटर ऑन छोड़ना है खतरनाक
यह सबसे बड़ी गलती है जो लोग ठंड से बचने के लिए करते हैं। रातभर हीटर ऑन रखने से ऑक्सीजन घटती है और कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस जमा हो सकती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है।
कई हादसों में परिवार नींद में ही दम तोड़ चुके हैं क्योंकि कमरे में हवा का प्रवाह नहीं था। सोने से पहले कमरे को 1-2 घंटे प्री-हीट करें और फिर हीटर बंद करके सोएं , यही सही तरीका है ।
पानी से रखें दूर
हीटर एक इलेक्ट्रिकल उपकरण है, इसलिए इसका पानी से कोई संपर्क नहीं होना चाहिए। कभी भी हीटर को बाथरूम, वॉशबेसिन या किसी गीली जगह के पास न रखें। पानी के छींटे या नमी से इलेक्ट्रिक शॉक लगने की संभावना बढ़ जाती है।
बच्चों से हीटर को दूर रखें
बच्चों को हमेशा हीटर से दूरी बनाए रखने की हिदायत दें। छोटे बच्चों के लिए हीटर का एक्सपोजर स्किन बर्न या फायर हज़ार्ड में बदल सकता है।
अगर घर में टॉडलर हैं, तो हीटर को ऐसी जगह रखें जहां वो हाथ न लगा सकें, या फिर सेफ्टी ग्रिल वाला मॉडल खरीदें।
अगर नया हीटर खरीदने जा रहे हैं, तो ऐसे मॉडल देखें जिनमें ऑटो-कट, टिल्ट सेंसर और थर्मोस्टेट कंट्रोल जैसे फीचर्स हों। ये फीचर्स हीटर गिरने या ज़्यादा गर्म होने पर ऑटोमेटिकली बंद कर देते हैं।
सर्दी से बचना ज़रूरी है, लेकिन सुरक्षा सबसे पहले आती है। थोड़ी सी सावधानी और सही तरीके से हीटर का इस्तेमाल न केवल आपको गर्म रखेगा बल्कि किसी भी हादसे से भी बचाएगा। इस सर्दी, हीटिंग के साथ-साथ सेफ्टी ऑन रखना न भूलें!


Click it and Unblock the Notifications








