मुफ्त में बदलेगी इन Samsung स्मार्टफोन की स्क्रीन; कंपनी दे रही फ्री रिप्लेसमेंट की सुविधा
स्मार्टफोन यूजर्स के लिए डिस्प्ले हमेशा से ही सबसे संवेदनशील हिस्सा रहा है। एक छोटा-सा क्रैक हो या किसी सॉफ्टवेयर गड़बड़ी से आई डिस्प्ले लाइन, यह न सिर्फ फोन की खूबसूरती बिगाड़ देती है बल्कि यूजर एक्सपीरियंस पर भी बड़ा असर डालती है।
इसी को देखते हुए सैमसंग इंडिया ने अपने प्रीमियम स्मार्टफोन्स- Galaxy S23 और Galaxy S23 Ultra के लिए एक खास पहल की है। आप आसानी से फ्री में स्क्रीन को रिप्लेस करा सकते हैं। आइए इसके बारे में जानते हैं।

ग्रीन लाइन डिस्प्ले की समस्या
पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया और टेक फोरम्स पर गैलेक्सी S23 सीरीज के कई यूजर्स ने 'ग्रीन लाइन डिस्प्ले' की समस्या की शिकायत की थी। स्क्रीन पर अचानक हरी रेखा आ जाना न तो आसानी से हटती है और न ही इसे यूजर खुद से ठीक कर सकता है। यह समस्या ज्यादातर AMOLED डिस्प्ले वाले डिवाइस में देखी गई है।
सैमसंग का समाधान
ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए कंपनी ने एक फ्री वन-टाइम स्क्रीन रिप्लेसमेंट प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत, जो भी गैलेक्सी S23 और S23 Ultra यूजर्स ग्रीन लाइन समस्या से जूझ रहे हैं, वे बिना किसी भारी खर्च के नई स्क्रीन पा सकते हैं।
हालांकि, सैमसंग ने साफ किया है कि रिप्लेसमेंट पूरी तरह फ्री होगा, लेकिन एक नाममात्र लेबर चार्ज सर्विस सेंटर पर लिया जाएगा। इसके बावजूद, यह ऑफर यूजर्स को हजारों रुपये बचाने का मौका देता है।
कैसे मिलेगा फायदा?
- प्रभावित यूजर को नजदीकी Samsung Authorised Service Centre पर जाना होगा।
- स्क्रीन की समस्या का वेरिफिकेशन टेक्निकल टीम करेगी।
- अगर डिवाइस प्रोग्राम की शर्तों पर खरा उतरता है, तो स्क्रीन बदल दी जाएगी।
- सुविधा के लिए, सैमसंग ने Samsung Care App पर अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा भी दी है।
- इससे यूजर लंबी लाइन या इंतजार से बच सकते हैं।
भारतीय यूजर्स के लिए क्यों है अहम?
शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया था कि यह प्रोग्राम 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। लेकिन कंपनी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इसका लाभ 29 सितंबर 2025 तक ही मिलेगा। यानी यूजर्स के पास मुश्किल से एक महीने का समय है। इसके बाद, यह सुविधा समाप्त हो जाएगी।
स्मार्टफोन डिस्प्ले रिप्लेसमेंट की लागत भारत में बेहद ऊंची है। खासकर गैलेक्सी S23 Ultra जैसी प्रीमियम डिवाइस की स्क्रीन बदलवाने का खर्च 15,000 से 20,000 रुपये तक हो सकता है। ऐसे में, सैमसंग का यह कदम भारतीय ग्राहकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
इस ऑफर से न सिर्फ आपके पैसे बचेंगे, बल्कि ब्रांड के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत होगा। यह कदम दिखाता है कि बड़ी टेक कंपनियां सिर्फ नए प्रोडक्ट लॉन्च पर ही नहीं, बल्कि मौजूदा यूजर्स की संतुष्टि पर भी ध्यान दे रही हैं।
भरोसा और ब्रांड इमेज
आज के दौर में जब यूजर्स सोशल मीडिया पर हर छोटी-बड़ी शिकायत खुलकर सामने रखते हैं, किसी भी ब्रांड की इमेज ग्राहक सेवा पर टिकी होती है। सैमसंग का यह कदम केवल रिप्लेसमेंट प्रोग्राम भर नहीं है, बल्कि एक ट्रस्ट बिल्डिंग स्ट्रेटेजी भी है। जहां कई कंपनियां समस्या को 'यूजर मिस्टेक' बताकर पल्ला झाड़ लेती हैं, वहीं सैमसंग ने खुलकर जिम्मेदारी ली है।
कुल मिलाकर, अगर आप Galaxy S23 या S23 Ultra यूज़र हैं और आपकी स्क्रीन पर ग्रीन लाइन की समस्या आ गई है, तो इसे नजरअंदाज न करें। 29 सितंबर से पहले सर्विस सेंटर पहुंचकर मुफ्त स्क्रीन रिप्लेसमेंट का फायदा उठाएं। यह न सिर्फ़ आपके फोन की लाइफ़ बढ़ाएगा बल्कि जेब पर भी बोझ नहीं डालेगा।


Click it and Unblock the Notifications