Samsung Galaxy S25 FE हैंड्स-ऑन फील: बड़ा अपग्रेड नहीं, लेकिन रिफाइन हुआ है
Samsung Galaxy S25 FE ग्लोबल मार्केट में लॉन्च हो चुका है। कंपनी ने Galaxy S25 FE के साथ कोई बड़ा एक्सपेरिमेंट नहीं किया है, लेकिन इस बार कुछ अहम अपग्रेड देखने को मिले हैं। जैसे बैटरी को बेहतर कर दिया गया है। फोन हाथ में पहले से ज्यादा स्लिम और हल्का महसूस होता है। सेल्फी कैमरा 10MP से बढ़कर 12MP हो गया है, जो एक मेजर अपग्रेड है। इसके साथ ही सैमसंग ने अपने फ्लैगशिप्स वाले सारे Galaxy AI फीचर्स इसमें भी दिए हैं, जिससे इस बार FE सीरीज और ज्यादा बेहतर लगती है।
एक छोटे से हैंड्स-ऑन सेशन के दौरान Samsung ने हमें अपना नया हार्डवेयर दिखाया- Tab S11 सीरीज, Buds 3 FE और Galaxy S25 FE। इनमें से S25 FE खास लगा, क्योंकि यह S24 FE की कमियों को काफी हद तक दूर करता है और Samsung के फ्लैगशिप और A-सीरीज के बीच की कड़ी को और मजबूत करता है। चलिए देखते हैं इसके मेन अपग्रेड...

डिजाइन और बिल्ड
Galaxy S25 FE का डिजाइन काफी हद तक Galaxy S25 और S25+ से मिलता-जुलता है। क्लीन, मिनिमल डिजाइन इस बार भी बरकरार है और फ्लैगशिप्स की तरह इसे भी Armor Aluminium फ्रेम मिला है। फर्क सिर्फ फिनिश में है- Navy, White और Jet Black कलर। मेरे लिए Jet Black पर्सनल फेवरेट है, लेकिन Navy वेरिएंट भी रियल में बहुत आकर्षक लगा। अच्छी बात ये है कि यह आसानी से फिंगरप्रिंट नहीं पकड़ता और प्रीमियम लुक देता है।
हाथ में पकड़ने पर असली बदलाव महसूस होता है। सिर्फ 7.4mm मोटाई और 190 ग्राम वजन के साथ यह S24 FE से पतला और हल्का है (जो लगभग 8mm और 213 ग्राम था)। मोटाई में ज्यादा फर्क नहीं है, लेकिन वजन में फर्क साफ महसूस होता है। खासतौर पर जब इसमें पिछली बार से 200mAh बड़ी बैटरी भी फिट की गई है। फोन अभी भी IP68 रेटिंग के साथ आता है, यानी पानी और धूल से सेफ।

डिस्प्ले
Samsung की डिस्प्ले क्वालिटी कभी निराश नहीं करती। इसमें 6.7-इंच AMOLED पैनल है, ठीक वही जो S25+ में मिलता है, 120Hz रिफ्रेश रेट और 1900 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ। मैंने सिर्फ 30 मिनट इसे इस्तेमाल किया, जिसमें एक छोटा वीडियो देखा और मेन्यू स्क्रॉल किए। कलर्स शार्प और वाइब्रेंट लगे, और स्क्रॉलिंग स्मूद थी। ब्राइटनेस, धूप में विजिबिलिटी और कलर प्रोफाइल्स की सही टेस्टिंग फुल रिव्यू में करूंगा। यहां बड़ा अपग्रेड नहीं है, लेकिन सच कहूं तो इसकी जरूरत भी नहीं थी। स्क्रीन पर Gorilla Glass Victus+ प्रोटेक्शन है, जिससे यह स्क्रैच और आकस्मिक गिरने से सेफ रहती है।

कैमरा
पीछे की तरफ Galaxy S25 FE का कैमरा सेटअप है- 50MP प्राइमरी, 12MP अल्ट्रा-वाइड और 8MP टेलीफोटो (3x ऑप्टिकल जूम के साथ)। डिजिटल जूम 30x तक जाता है। कॉम्बिनेशन भरोसेमंद है, लेकिन टेलीफोटो लेंस में थोड़ा अपग्रेड देखने की उम्मीद थी। खासकर हाई-रेजॉल्यूशन सेंसर होता तो जूम शॉट्स और बेहतर निकलते।
फ्रंट कैमरे में बदलाव जरूर हुआ है-10MP से बढ़कर 12MP। छोटा सा अपग्रेड है, लेकिन FE सीरीज जिस यंग ऑडियंस के लिए बनाई जाती है, उनके लिए सेल्फी और वीडियो कॉल एक्सपीरियंस अहम है।
वीडियो रिकॉर्डिंग 8K 30fps तक जाती है, जबकि 60fps आउटपुट के लिए आपको 4K पर स्विच करना होगा। गैलरी ऐप में AI फीचर्स भी दिए गए हैं जैसे Audio Eraser (बैकग्राउंड नॉइज हटाने के लिए) और Instant Slow-mo, जो मुझे पर्सनली काफी पसंद आया।

परफॉर्मेंस
फोन में Samsung का Exynos 2400 प्रोसेसर है, जो हमने Galaxy S24 और S24+ में देखा था। यह नया चिपसेट तो नहीं है और Exynos का ट्रैक रिकॉर्ड हमेशा बेस्ट नहीं रहा है, लेकिन AnTuTu स्कोर लगभग 1.4-1.6 मिलियन तक पहुंच सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि Samsung ने इस बार थर्मल मैनेजमेंट पर ध्यान दिया है। कंपनी के अनुसार इसका Vapor Chamber Cooling System अब 10% बड़ा है और इसमें नया MS Liquid Thermal Interface Material यूज हुआ है। थ्योरी में यह लंबे समय तक बेहतर परफॉर्मेंस बिना ज्यादा थ्रॉटलिंग के देने में मदद करेगा।
Galaxy S25 FE तीन स्टोरेज वेरिएंट्स में आता है, लेकिन RAM सिर्फ 8GB तक सीमित है।
- 8GB + 128GB
- 8GB + 256GB
- 8GB + 512GB
शॉर्ट यूज में बेसिक नेविगेशन और ऐप स्विचिंग स्मूद लगी, लेकिन असली टेस्ट गेमिंग और हेवी मल्टीटास्किंग में होगा, जिसे मैं फुल रिव्यू में देखूंगा।
बैटरी और सॉफ्टवेयर
जैसा कि पहले बताया, Galaxy S25 FE की बैटरी अब 4900mAh है (पिछले साल के 4700mAh से ज्यादा)। खास बात यह है कि फोन स्लिम और हल्का होने के बावजूद बैटरी बड़ी हो गई है। चार्जिंग स्पीड वही है-45W वायर्ड और 15W वायरलेस। ठीक-ठाक है, लेकिन 2025 में टॉप-लेवल नहीं कह सकते।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह One UI 8 (Android 16) पर चलता है। 7 साल के Android अपडेट्स और सिक्योरिटी पैच का वादा किया गया है, ठीक फ्लैगशिप्स की तरह। Galaxy AI के सारे फीचर्स इसमें मौजूद हैं।
Object Eraser, Audio Eraser, Instant Slow-mo, Now Brief (Moments के बिना), और Gemini Live इंटीग्रेशन। इसके साथ Google AI Pro Suite का 6 महीने का ट्रायल भी मिलेगा, जिसकी कीमत करीब 12,000 रुपये है।

मेरा पहला इंप्रेशन
मेरी नजर में कंपनी ने Galaxy S25 FE में कोई ऐसा बड़ा अपग्रेड नहीं किया, लेकिन हां इसे रिफाइन जरूर कर दिया गया है, जो इसके पसंद की वजह बन सकता है। हल्का, पतला, बड़ी बैटरी, बेहतर सेल्फी कैमरा और सारे Galaxy AI टूल्स ध्यान खींचते हैं।
सवाल- कोर हार्डवेयर नया नहीं है, लेकिन सवाल यह है कि Exynos 2400 रियल-वर्ल्ड में कैसा परफॉर्म करेगा।
ऑन पेपर देखें तो यह S24 FE से एक सेंसिबल अपग्रेड है। हमेशा की तरह, इसकी कीमत ही तय करेगी कि यह फोन कितना सफल साबित होता है। फिलहाल कीमत रिवील नहीं की गई है।


Click it and Unblock the Notifications








