Starlink ने भारत में प्लान्स का किया खुलासा; जानें कीमत, स्पीड, हार्डवेयर और सर्विस डिटेल्स
SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस Starlink आखिरकार भारत में लॉन्च के और करीब पहुंच गई है। कंपनी ने अपने भारतीय यूजर्स के लिए आधिकारिक तौर पर प्लान और प्राइसिंग विवरण जारी कर दिए हैं। इसका मतलब साफ है कि Starlink का कमर्शियल इस्तेमाल अब जल्द शुरू होने वाला है। कंपनी को भारत सरकार से ज़्यादातर जरूरी मंजूरी मिल चुकी है और महाराष्ट्र जैसे राज्य सरकारों से पार्टनरशिप भी तय हो चुकी है।
इस रिपोर्ट में हम Starlink इंटरनेट की कीमत, सब्सक्रिप्शन प्लान, इंस्टॉलेशन चार्ज, स्पीड, कनेक्टिविटी और साइन-अप प्रोसेस के बारे में पूरी डिटेल जानेंगे।

भारत में Starlink इंटरनेट प्लान और कीमत
Starlink की अपडेटेड इंडिया वेबसाइट के मुताबिक, रेज़िडेंशियल यूज़र्स के लिए प्लान ₹8,600 प्रति माह में उपलब्ध होगा। इसके साथ ही, एक बार लगने वाला हार्डवेयर सेटअप चार्ज ₹34,000 रखा गया है।
सबसे खास बात यह है कि Starlink यूज़र्स को अनलिमिटेड डेटा के साथ 30 दिन का ट्रायल पीरियड भी देगी। यानी अगर आपको सर्विस पसंद नहीं आती तो आप ट्रायल के दौरान बिना किसी परेशानी के रिफंड प्रोसेस कर सकते हैं।
कंपनी का दावा है कि Starlink का नेटवर्क हर मौसम में बिना रुकावट चलता है और 99.9% अपटाइम देगा, यानी इंटरनेट कनेक्शन लगभग हमेशा उपलब्ध रहेगा। फिलहाल बिजनेस या कमर्शियल प्लान की कीमतों का खुलासा नहीं किया गया है।
Starlink से कैसे लें कनेक्शन?
Starlink का साइन-अप प्रोसेस बेहद आसान है। आप इसे कुछ स्टेप्स में पूरा कर सकते हैं।
- Starlink की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- "Get Started" पर क्लिक करें।
- अपना लोकेशन एंटर करें।
- उपलब्ध प्लान देखें और पेमेंट करें।
- हार्डवेयर डिलीवरी के बाद सिस्टम प्लग-इन करें और इंटरनेट इस्तेमाल शुरू कर दें।
इन बातों का रखें ध्यान
अभी भारत के कई इलाकों में Starlink सर्विस उपलब्ध नहीं है, क्योंकि रोलआउट फेज़-वाईज़ हो रहा है। कंपनी धीरे-धीरे देशभर में कवरेज बढ़ाएगी।
Starlink भारत में स्पीड और कनेक्टिविटी सेटअप
Starlink भारत में मजबूत नेटवर्क बनाने के लिए विभिन्न शहरों में Gateway Earth Stations तैयार कर रही है। ये स्टेशन सैटेलाइट और आपके घर के Starlink डिवाइस के बीच रिले पॉइंट का काम करेंगे।
जिन शहरों में स्टेशन सेटअप की तैयारी
- मुंबई
- नोएडा
- हैदराबाद
- लखनऊ
- चंडीगढ़
- कोलकाता
जहां तक इंटरनेट स्पीड की बात है, Starlink ने भारत के लिए अभी आधिकारिक स्पीड कन्फर्म नहीं की है, लेकिन एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यूज़र्स को 25Mbps से 225Mbps के बीच स्पीड मिल सकती है।
Starlink क्यों है जरूरी?
भारत में अब भी लाखों यूज़र्स ऐसे हैं जिनके इलाके में फाइबर या ब्रॉडबैंड नहीं पहुंच पाया है। पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट एक बड़ी समस्या है। Starlink की सबसे बड़ी खासियत है कि यह सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट देता है, इसलिए जहां मोबाइल नेटवर्क या ब्रॉडबैंड नहीं पहुंच पाता, वहां भी इंटरनेट उपलब्ध हो सकेगा।
Starlink का भारत में प्लान जारी होना एक बड़ा संकेत है कि देश में जल्द ही सैटेलाइट इंटरनेट की शुरुआत होने जा रही है। अगर सब कुछ तय समय पर रहा, तो आने वाले महीनों में भारत के ग्रामीण इलाकों से लेकर छोटे कस्बों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुँचने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications








