Vivo t4 lite 5G Review: 10 हजार रुपये में परफेक्ट है ये स्मार्टफोन
Vivo t4 lite 5G Review: पिछले महीने इंडियन मार्केट में Vivo t4 lite 5G लॉन्च हुआ था। फोन 10,000 की रेंज में आता है। हमारे पास फोन लॉन्च होने के बाद रिव्यू के लिए आया। हम पिछले कुछ दिनों से इसे इस्तेमाल कर रहे हैं।
इसमें कुछ खूबियां तो वाकई शानदार दी गई हैं, जो इस रेंज में फोन को बेहतरीन बना देती हैं, लेकिन कुछ कमियां भी हैं। जानेंगे कि क्या वाकई वीवो का नया फोन अपनी कीमत को जस्टिफाई कर पाता है?

डिजाइन और डिस्प्ले
सबसे पहले बात करते हैं डिस्प्ले और डिजाइन की। फोन 6.74 इंच HD+ LCD डिस्प्ले के साथ बढ़िया विजुअल एक्सपीरियंस देता है। इसका रिफ्रेश रेट 90Hz और ब्राइटनेस 1000 निट्स है। स्क्रीन बड़ी है और आउटडोर विजिबिलिटी अच्छी मिलती है, लेकिन AMOLED की तरह कलर डीपनेस नहीं मिलती। थोड़े मोटे बेजल और वॉटरड्रॉप नॉच डिजाइन को सिंपल बनाते हैं, जो कुछ यूजर्स को पुराने स्टाइल का लग सकता है।
फोन का डिजाइन मजबूत है। SGS 5-Star Anti-Fall प्रोटेक्शन, मिलिट्री ग्रेड MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन और IP64 डस्ट और स्प्लैश रेजिस्टेंस इसे गिरने और मौसम के असर से सेफ बनाते हैं।

प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो Vivo T4 Lite 5G में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर लगा है, जो 6nm तकनीक पर बना है। इसके साथ 4GB, 6GB और 8GB तक की RAM और 128GB/256GB स्टोरेज विकल्प मिलता है, जिसे माइक्रोSD कार्ड से 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। हल्की गेमिंग, सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग और डेली यूज के लिए यह फोन एकदम स्मूद परफॉर्म करता है।
कैमरा सेटअप
कैमरे की बात करें तो रियर में 50MP प्राइमरी और 2MP डेप्थ सेंसर है। दिन की रोशनी में फोटो वाइब्रेंट और क्लियर आती हैं, लेकिन मैक्रो और पोर्ट्रेट शॉट्स में थोड़ी कमी दिखती है। सेल्फी कैमरा 5MP का है, जो ब्राइट इमेज देता है लेकिन स्किन स्मूथिंग ज्यादा कर देता है, जिससे फोटो थोड़ी आर्टिफिशियल लग सकती है।

बैटरी
इसकी खासियत इसकी दमदार 6000mAh की बैटरी है, जो आराम से 1.5 से 2 दिन का बैकअप देती है। हालांकि, इसमें सिर्फ 15W चार्जिंग मिलती है, जिससे फुल चार्ज होने में काफी वक्त लग जाता है।
सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस
फोन Android 15 बेस्ड Funtouch OS 15 पर चलता है और कंपनी ने 2 साल के Android अपडेट और 3 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है, जो इस प्राइस रेंज में एक बड़ा प्लस पॉइंट है। साथ ही इसमें 9 5G बैंड सपोर्ट, साइड फिंगरप्रिंट सेंसर, 3.5mm जैक, FM रेडियो और USB Type-C जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
फाइनल वर्डिक्ट
यह फोन उन लोगों के लिए बेस्ट हो सकता है, जो कम बजट में 5G कनेक्टिविटी, मजबूत बैटरी और टफ बिल्ड चाहते हैं। अगर आपको कैमरा परफॉर्मेंस या AMOLED डिस्प्ले की ज्यादा जरूरत नहीं है, तो यह फोन आपके लिए कम बजट में ज्यादा भरोसेमंद डील साबित हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications








