500 रुपए में आएगा 4G स्मार्टफोन, 60 रुपए महीने का टैरिफ प्लान
भारतीय टेलीकॉम इंडस्ट्री में इस समय डेटा वॉर जारी है। यूजर्स अब सिर्फ 2जी और 3जी ही नहीं बल्कि 4जी नेटवर्क की तरफ बढ़ रहे हैं। अब ग्राहक 4जी मोबाइल फोन ही खरीदना चाहते हैं और मार्केट में भी इस समय 4जी सपोर्ट फोन लॉन्च हो रहे हैं।
4जी यूजर्स की डिमांड को देखते हुए देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी भारती एयरेटल, वोडाफोन और आइडिया ने स्मार्टफोन मेकर्स से 500 रुपए में 4जी स्मार्टफोन तैयार करने के लिए कहा है, जिसे महीने भर के लिए सिर्फ 60 रुपए से 70 रुपए में रिचार्ज प्लान के साथ पेश किया जा सके।

इकोनॉमिक टाइम्स में छपी रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस जियो के आने के बाद टेलीकॉम कंपनियों के लिए ये दौर मुसीबतों से भरा साबित हो रहा है, इसीलिए तीनों कंपनियों ने जियो को टार्गेट करते हुए ये योजना पेश की है। बता दें कि रिपोर्ट्स में ये भी सामने आया है कि ये फोन जियो के 4जी वोल्ट जियोफोन से अलग होगा और 500 रुपए वाले इस फोन के जरिए कंपनियां जियोफोन को कड़ी टक्कर देंगी।
60 रुपए से 70 रुपए के बीच टैरिफ प्लान-
इतना ही नहीं जियोफोन के साथ आने वाले 49 रुपए के रिचार्ज को काउंटर करने के लिए ये तीनों कंपनियां ने 60 रुपए से 70 रुपए के बीच टैरिफ प्लान पेश करेंगी। इसका सीधा फायदा यूजर्स को होगा क्योंकि याद हो कि करीब दो साल पहले कस्टमर्स एक महीने की वैलिडिटी वाले 1जीबी डेटा के 4जी स्पीड प्लान के लिए 255 रुपए चुकाते थे। ऐसे में 60-70 रुपए में महीनेभर के लिए टैरिफ प्लान आना यूजर्स के लिए काफी किफायती होगा।
जियो की डेटा वॉर-
बता दें टेलीकॉम इंटस्ट्री में डेटा वॉर शुरू करने का क्रेडिट रिलायंस जियो को जाता है, जिसने लंबे समय तक यूजर्स को फ्री में डेटा और कॉलिंग सुविधा दी थी।
एक टेलीकॉम ऑपरेटर के एग्जीक्यूटिव ने बताया, "वे Jio की तरह इस फोन की कीमत को सब्सिडाइज न करके कम-कीमत के स्मार्टफोन बनाने के लिए गठजोड़ करेंगे. उम्मीद है कि स्मार्टफोन सस्ते हो जाएंगे इसलिए इन्हें देना, खुद से फोन बनाने से ज्यादा सही लगता है।"
सेल्यूलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक राजन मैथ्यूज ने कहा, "इन्हें (टेलीकॉम ऑपरेटर्स) को कीमतों में बदलाव करना होगा, भले ही सीधी टक्कर न दें लेकिन 60-70 रुपए की शुरुआती कीमत में फोनों के लिए प्लान पेश करने होंगे."
2000 रुपए में भी मौजूद हैं 4जी स्मार्टफोन-
बता दें कि मार्केट में इस समय कम से कम कीमत पर 4जी Android Go बेस्ट स्मार्टफोन मौजूद हैं, जिन्हें 2,000 रुपए में भी खरीदा जा सकता है। वहीं टेलीकॉम कंपनियां रोज नए टैरिफ प्लान पेश कर रही हैं, जो यूजर्स को पहले से भी ज्यादा डेटा फायदा पहुंचा रहे हैं। अब टेलीकॉम इंटस्ट्री की तरफ से ग्राहकों के लिए ये एक और अच्छी खबर आई है।


Click it and Unblock the Notifications