PUBG की वजह से अपने ही घर में की 50,000 रुपए की चोरी
पबजी गेम पूरी दुनिया में काफी लोकप्रिय हो चुका है। भारत में भी इस गेम का क्रेज काफी ज्यादा है और दिन-प्रतिदन बढ़ता ही जा रहा है। इस गेम की अब चर्चा इससे जुड़ी घटनाओं के बारे में ज्यादा होने लगी है। आय दिन देश के किसी ना किसी हिस्से से इस गेम के बारे में कोई ना कोई गलत ख़बर सामने आ रही है। जिससे अब यह साफ हो गया है कि इस गेम का हमारे देश के बच्चों और युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है।

कुछ दिन पहले ही हमने आपको एक ख़बर के बारे में बताया कि एक लड़के ने गेम खेलने के दौरान पानी की जगह एसिड पी लिया। अब आज एक घटना सामने आई है कि एक लड़के ने पबजी का गेम कंट्रोलर खरीदने के लिए अपने पापा के अकाउंट से ही 50,000 रुपए चोरी कर लिए। पंजाब के जालंधर का यह 15 वर्षीय लड़का 10वीं कक्षा में पढ़ता है। उसे पबजी खेलने के लिए पबजी संबंधित कुछ सामान खरीदना था और उसके लिए काफी पैसे चाहिए थे। इसके लिए उस लड़के ने अपने पापा के अकांउट से 50,000 रुपए की चोरी कर ली।
पबजी के लिए 50,000 की चोरी
लड़के के पिता ने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई कि उसके अकाउंट से 50,000 रुपए की चोरी हुई और इसके लिए उसके पास कोई ओटीपी भी नहीं आया और नाही ट्रांजैक्शन का कोई एसएमएस भी नहीं आया। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की तो पता चला कि उनके अकाउंट से पैसे एक पेटीएम अकाउंट में ट्रांसफर किए गए थे।
हिंदूस्तान टाइम्स के मुताबिक साइबर सेल की इन-चार्ज ने बताया कि, "हमें पता चला कि शिकायत कर्ता के अकाउंट से पैसों को पहले पेटीएम अकाउंट में ट्रांसफर किया गया था। उन पैसों का इस्तेमाल पबजी गेम के कुछ सामान खरीदने के लिए किया गया था। इसके बाद पेटीएम स्टाफ की मदद से पता चला कि जिस पेटीएम अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए थे वो लड़के के एक दोस्त का था। जिसके बाद लड़के ने खुद भी कबूल लिया कि उसने ही अपने पिता के अकाउंट से पैसों को अपने दोस्त के पेटीएम में ट्रांसफर किया था और उससे पबजी के सामान खरीदें थे। इस बात का पता चलने पर शिकायत कर्ता ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
इस घटना के बाद एक बार फिर साफ हो गया कि पबजी की बुरी संगत देश के बच्चों को अपनी चपेट में लेती जा रही है। इससे बचने के लिए सरकार को कुछ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। वहीं माता-पिता को भी अपने बच्चों पर कड़ी निगरानी रखने की जरूरत है कि वो कहीं पबजी या पबजी जैसे गेम की बुरी लत में तो नहीं जा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications








