Apple यूजर्स पर हो सकता है हैकर्स का हमला; इस बग के कारण करोड़ों डिवाइस पर खतरा
Airplay Security Flaw: Apple यूजर्स एक बड़ी समस्या में पड़ सकते हैं, ऐसा हम नहीं बल्कि एक सिक्योरिटी कंपनी कह रही है। Apple के AirPlay फीचर से जुड़ी सिक्योरिटी खामियों के एक नए सेट ने लाखों डिवाइस की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। हाल ही में आई Wired की रिपोर्ट में पता चला है कि साइबर सुरक्षा फर्म Oligo ने 23 खामियों की खोज की है, जो हैकर्स को Apple डिवाइस और थर्ड-पार्टी एक्सेसरीज को हाईजैक करने दे सकती हैं।
ये हैकिंग खास तौर पर पब्लिक या शेयर Wi-Fi इकोसिस्टम में हो रही है। हालांकि Apple ने अपने प्रोडक्ट के लिए पहले ही फिक्स जारी कर दिए हैं, लेकिन कई थर्ड-पार्टी AirPlay-समर्थित डिवाइस अभी भी पैच नहीं किए गए हैं और कमजोर हैं।

कैसे हो रहा हमला?
रिपोर्ट में पता चला है कि 'एयरबोर्न' नाम की ये खामियां, असुरक्षित Wi-Fi नेटवर्क पर मौजूद हमलावरों को AirPlay-सक्षम डिवाइस पर कंट्रोल करने और मैलवेयर फैलाने की अनुमति देती हैं। इसका मतलब है कि कॉफी शॉप, एयरपोर्ट या ऑफिस नेटवर्क पर AirPlay का इस्तेमाल करने से यूजर जोखिम में पड़ सकते हैं।
एक बार डिवाइस से छेड़छाड़ होने पर, हैकर आस-पास के डिवाइस को एक्सेस कर सकते हैं या रैनसमवेयर या डेटा चोरी जैसे अधिक गंभीर हमले भी कर सकते हैं। Oligo के रिसर्चर्स ने चेतावनी दी है कि इन खामियों का इस्तेमाल जासूसी से लेकर सप्लाई चेन अटैक्स तक हर चीज में किया जा सकता है।
क्या कर रही कंपनी?
Apple ने iOS, macOS, iPadOS, tvOS और यहां तक कि visionOS में सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करके 23 सिक्योरिटी खामियों में से 17 को ठीक किया। कंपनी ने थर्ड-पार्टी मेकर्स द्वारा उपयोग किए जाने वाले अपने AirPlay सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट किट (SDK) को पैच करने के लिए Oligo के साथ भी सहयोग किया।
हालांकि, एक्सपर्ट का कहना है कि यह खतरे को पूरी तरह से रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है, क्योंकि AirPlay का सपोर्ट करने वाले कई थर्ड-पार्टी डिवाइस को कभी भी सुरक्षा अपडेट नहीं मिल सका है।
बता दें कि ये खामियां केवल फोन या कंप्यूटर को प्रभावित नहीं करती हैं। Apple का इन-कार एंटरटेनमेंट सिस्टम CarPlay भी प्रभावित होता है। कार के USB पोर्ट या ब्लूटूथ कनेक्शन तक एक्सेस रखने वाला हैकर इस खामी का फायदा उठा सकता है।
क्या करें यूजर्स?
Oligo रिसर्चर्स ने यूजर्स को सभी Apple डिवाइस को तुरंत लेटेस्ट सॉफ्टवेयर में अपडेट करने की सलाह दी है। वे Mac पर AirPlay रिसीवर को बंद करने और AirPlay एक्सेस सेटिंग को वर्तमान यूजर तक सीमित करने का भी सुझाव देते हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि ऐसे लाखों थर्ड-पार्टी एयरप्ले डिवाइस हो सकते हैं जो अभी भी असुरक्षित हैं, और उनमें से कई को कभी पैच नहीं किया जा सकता है। ऐसे में सेटिंग में बदलाव लाना उन्हें सुरक्षित रख सकता है।


Click it and Unblock the Notifications








