iPhone 17 लॉन्च से पहले Apple का तोहफा, पुणे में खुलेगा नया स्टोर
Apple भारत में अपनी मौजूदगी लगातार बढ़ा रहा है। कंपनी ने मंगलवार को भारत में चौथे रिटेल स्टोर की घोषणा की है। यह नया स्टोर पुणे के कोरेगांव पार्क में 4 सितंबर से खुलेगा। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले Apple ने बेंगलुरु में तीसरे स्टोर की जानकारी दी थी।

iPhone 17 लॉन्च से पहले बड़ा कदम
एपल का यह चौथा रिटेल स्टोर उस समय घोषित हुआ है, जब कंपनी जल्द ही अपने iPhone 17 सीरीज लॉन्च इवेंट के निमंत्रण भेजने वाली है। उम्मीद है कि यह इवेंट सितंबर के पहले पखवाड़े में होगा। यानी नए iPhone के लॉन्च से ठीक पहले Apple ने भारतीय ग्राहकों को एक और तोहफा दिया है।
स्टोर की खासियत
एपल कोरेगांव पार्क स्टोर का बैरिकेड मंगलवार सुबह सामने आया, जिसमें वही थीम देखने को मिली जो बेंगलुरु के Hebbal स्टोर में अपनाई गई है। दोनों जगहों की कला-डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुणे वाला नया स्टोर करीब 10,000 स्क्वायर फीट क्षेत्र में फैला होगा।
Apple का भारत में तेजी से विस्तार
भारत में Apple का पहला स्टोर Apple BKC (मुंबई) अप्रैल 2023 में खुला था। इसके बाद Apple Saket (दिल्ली) की शुरुआत हुई। अब बेंगलुरु का Phoenix Mall of Asia (2 सितंबर से खुलने वाला) और पुणे का कोरेगांव पार्क स्टोर (4 सितंबर से खुलने वाला) इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
ग्राहकों को मिलेगा नया अनुभव
पुणे स्टोर में ग्राहक Apple के सभी लेटेस्ट प्रोडक्ट्स जैसे iPhone, Mac, Apple Watch, iPad आदि को एक्सप्लोर कर सकेंगे। स्टोर पर एपल के Specialists, Creatives, Geniuses और Business Teams मौजूद रहेंगे, जो ग्राहकों को पर्सनलाइज़्ड अनुभव देंगे। इसके अलावा, यहां Today at Apple Sessions भी आयोजित होंगे, जहां ग्राहक फोटोग्राफी, म्यूजिक, आर्ट और कोडिंग जैसी मुफ्त वर्कशॉप्स में हिस्सा ले सकेंगे।
Apple ने कहा है कि नए स्टोर के साथ-साथ वह अपने ऑनलाइन सर्विसेज जैसे Shop with a Specialist over Video और Apple Store App के जरिए भी ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने की कोशिश कर रहा है।


Click it and Unblock the Notifications








