Arattai vs WhatsApp: देसी या विदेशी, कौन सा ऐप है सिक्योर; भरोसा करें या नहीं?
Arattai vs WhatsApp: भारत में डेटा प्राइवेसी और डिजिटल संप्रभुता को लेकर लगातार बहस चल रही है। ऐसे माहौल में Zoho का देसी मैसेजिंग ऐप Arattai जबरदस्त चर्चा में है। लॉन्च के कुछ ही दिनों में इस ऐप ने धमाकेदार सफलता हासिल की है और यूजर्स की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की है।

अचानक क्यों बढ़ा क्रेज?
Zoho ने Arattai को साल 2021 में लॉन्च किया था, लेकिन उस समय इसे एक एक्सपेरिमेंटल प्रोजेक्ट माना जाता था। अब हाल के दिनों में डेटा सिक्योरिटी को लेकर बढ़ती चिंता और सरकार द्वारा लोकल ऐप्स को बढ़ावा देने की अपील के बीच इसका यूजर बेस तेजी से बढ़ रहा है। तीन दिन के भीतर ही Arattai पर डेली साइन-अप्स 3,000 से बढ़कर 3.5 लाख हो गए, जो कि 100 गुना ज्यादा है।
पूरी तरह देसी, पूरी तरह सिक्योर
Zoho के को-फाउंडर और चीफ साइंटिस्ट श्रीधर वेम्बु ने कहा कि कंपनी अपने ऐप की सिक्योरिटी को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने साफ किया कि Arattai या Zoho की कोई भी सर्विस AWS, Azure या GCP जैसे विदेशी क्लाउड प्लेटफॉर्म्स पर होस्ट नहीं की जाती।
"हमारी सारी सर्विसेज़ हमारे खुद के हार्डवेयर और हमारे बनाए सॉफ्टवेयर पर चलती हैं, जो Linux और Postgres जैसे ओपन-सोर्स फ्रेमवर्क पर आधारित हैं। Arattai पूरी तरह से 'Made in India, Made for the World' है।"
नेताओं और टेक एक्सपर्ट्स का समर्थन
भारत के केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नागरिकों से लोकल डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को अपनाने की अपील करते हुए Arattai का जिक्र किया। इसके बाद टेक इंडस्ट्री के दिग्गजों ने भी ऐप को सराहा। सिलिकॉन वैली के प्रसिद्ध वॉयस विवेक वाधवा ने तो इसे "India's WhatsApp Killer" तक कह दिया।
चुनौतियां भी कम नहीं
तेजी से बढ़ते यूजर बेस के बीच ऐप को कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। Zoho ने स्वीकार किया है कि अभी OTP डिले, कॉन्टैक्ट सिंक में स्लोनेस और साइन-अप में दिक्कतें सामने आ रही हैं। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि सर्वर क्षमता बढ़ाकर इन समस्याओं को जल्द ठीक किया जाएगा।
Arattai की बढ़ती पॉपुलैरिटी यह दिखाती है कि भारतीय यूजर्स अब सेफ और स्वदेशी विकल्पों को लेकर गंभीर हो रहे हैं। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह ऐप वाकई WhatsApp जैसे ग्लोबल दिग्गज को लंबे समय तक टक्कर दे पाएगा या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications








