आसुस जेनफोन 4 मैक्स लॉन्च, 5000mAh बैटरी और 4जीबी रैम
आसुस अपने स्मार्टफोन जेनफोन AR को लेकर इन दिनों खबरों में है। कहा जा रहा है कि कंपनी इस फोन को आने वाली 13 जुलाई को भारत में पेश कर सकता है। इन्हीं खबरों के बीच अब कंपनी ने रूस में जेनफोन 4 सीरीज का पहला स्मार्टफोन आसुस जेनफोन 4 मैक्स लॉन्च कर दिया है।

आसुस से इस नए स्मार्टफोन की खास बात है कि यह डूअल रियर कैमरा के साथ आता है। नए आसुस जेनफोन 4 मैक्स की कीमत RUB 13,900 यानी करीब 15,000 रुपए रखी गई है। इस फोन की सेल जल्द ही रूस में शुरू होगी। अन्य देशों में इस फोन की लॉन्चिंग के बारे में कुछ कहा नहीं गया है।
अब बात करते हैं आसुस जेनफोन 4 मैक्स के स्पेसिफिकेशन के बारे में। यह स्मार्टफोन 5.5 इंच की आईपीएस फुल एचडी डिस्प्ले के साथ आता है। इसका रेजोल्यूशन 1080*1920 पिक्सल है। फोन में गोरिला ग्लास 2.5डी भी दिया गया है।

आसुस का यह स्मार्टफोन दो वैरिएंट में लॉन्च हुआ है। इनमें से एक क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 425 एसओसी और अन्य ऑक्टा कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 एसओसी प्रोसेसर के साथ आता है। इस फोन की रैम 4जीबी की है और इसमें इंटरनल मैमोरी 64जीबी की दी गई है, जिसे माइक्रो एसडी कार्ड की मदद से 256जीबी बढ़ा सकते हैं।
आसुस जेनफोन 4 मैक्स में दो 13 मेगापिक्सल के कैमरे हैं, जिसके साथ है एलईडी फ़्लैश और इसमें 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी दिया गया है। यह फोन एंड्रायड 7.0 नॉगट पर काम करता है।
इस स्मार्टफोन की हाईलाइट इसकी 5000mAh बैटरी है। यह फोन फ़ास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। साथ ही इस फोन की खासियत है कि इसे पॉवर बैंक के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications