5000mAh बैटरी के साथ Asus स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, कीमत 10,999 रुपए
पॉपुलर टेक्नोलॉजी कंपनी आसुस ने भारत में अपना लेटेस्ट स्मार्टफोन Asus ZenFone Max Pro M1 लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस फोन को एंट्री लेवल प्राइस कैटेगिरी में पेश किया है।
इस फोन की कीमत 10,000 है। कीमत की तुलना में कंपनी ने इस फोन में दमदार फीचर्स दिए हैं। सबसे खास फीचर की बात करें, तो ये फोन दमदार 5000 एमएएच बैटरी के साथ आता है।
कंपनी ने इस फोन को दो वेरिएंट में पेश किया है, जो 3 जीबी रैम और 4 जीबी रैम के साथ आता है। आइए जानते हैं इस फोन की कीमत, उपलब्धता, ऑफर और सभी फीचर्स के बारे में।

आसुस ज़ेनफोन मैक्स प्रो एम1 की कीमत-
जैसा कि हम बता चुके हैं कि कंपनी ने इस फोन को दो वेरिएंट में पेश किया है। इसके 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज की कीमत 10,999 रुपए है। वहीं इसके बड़ा वेरिएंट जो 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज के साथ आता है कि कीमत 12,999 रुपए है।
आसुस ज़ेनफोन मैक्स प्रो एम1 की उपलब्धता-
भारत में इस फोन की बिक्री 3 मई से शुरू होगी। इस फोन को एक्सक्लूसिवली ई-कॉमर्स वेबसाइट फ्लिपकार्ट से खरीदा जा सकेगा। कंपनी ने इस फोन को मिडनाइट ब्लैक और ग्रे कलर वेरिएंट में पेश किया है।
आसुस ज़ेनफोन मैक्स प्रो एम1 पर वोडाफोन ऑफर-
आसुस ने अपने इस फोन के लिए टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन के साथ हाथ मिलाया है। इस फोन को खऱीदने पर वोडाफोन अपने प्रीपेड यूजर्स को 199 रुपए या उससे अधिक के टैरिफ प्लान को खरीदने पर हर महीने 10 जीबी एक्सट्रा डेटा मिलेगा। न सिर्फ प्रीपेड बल्कि वोडाफोन ने पोस्टपेड यूजर्स के लिए भी ऑफर पेश किया है। वोडाफोन के पोस्टपेड यूजर्स को 399 रुपए या उससे महंगे रिचार्ज प्लान पर 10 जीबी डेटा मिलेगा। इसके अलावा हर महीने 499 रुपए से ज्यादा के पोस्टपेड प्लान से रिचार्ज करने पर यूजर्स को कंपनी 2 साल के लिए मुफ्त में वोडाफोन रेड शील्ड प्रोटेक्शन देगी।
आसुस ज़ेनफोन मैक्स प्रो एम1 पर फ्लिपकार्ट ऑफर-
आसुस ज़ेनफोन प्रो एम1 स्मार्टफोन फ्लिपकार्ट के नए कंप्लीट मोबाइल प्रोटेक्शन प्लान के साथ आता है। इस प्लान में यूजर्स को फोन की स्क्रीन में हुई टूट-फूट और फोन के सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में प्रोटेक्शन से सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा फ्लिपकार्ट इस फोन पर नो कॉस्ट ऑन ईएमआई और एक्सचेंज ऑफर भी पेश कर रही है।

आसुस ज़ेनफोन मैक्स प्रो एम1 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन-
असूस के इस फोन में 5.99 इंच का फुल-एचडी प्लस डिसप्ले दिया है, जो 2.5डी कर्व्ड ग्लास प्रोटेक्शन के साथ आता है। ये डिसप्ले फुल व्यू के साथ आता है। इसका पिक्सल रिजॉल्यूशन 1080x2160 है। इस फोन का डिसप्ले 18:9 ऑस्पेक्ट रेश्यो के साथ आता है। फोन के सिक्योरिटी फीचर्स की बात करें, तो ये फेस अनलॉक और फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ आता है।
फोटोग्राफी के लिए इस फोन में दो रियर कैमरा दिए गए हैं। इसका प्रायमरी कैमरा 13 मेगापिक्सल का है, जो एफ2.2 अपर्चर के साथ आता है। सेकेंडरी कैमरा की बात करें, तो ये 5 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरों के जरिए पिक्चर्स में बोकेह इफेक्ट क्रिएट करना संभव है। फ्रंट कैमरा की बात करें, तो 8 मेगापिक्सल का है, जो एफ/2.0 अपर्चर के साथ आता है।
इस स्मार्टफोन में ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 636 प्रोसेसर दिया गया है, जो एड्रेनो 509 जीपीयू चिपसेट के साथ आता है। जैसा कि हम बता चुके हैं कि कंपनी ने इस फोन को रैम और स्टोरेज के आधार पर दो वेरिएंट में पेश किया है, जो 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज और 4 जीबी रैम व 64 जीबी स्टोरेज के साथ आता है। दोनों फोन के इंटरनल स्टोरेज को बढ़ाने के लिए माइक्रोएसडी कार्ड का इस्तेमाल किया जा सकता है।
आसुस के इस स्मार्टफोन पावर बैकअप के लिए 5000 एमएएच की बैटरी दी गई है। इसे चार्ज करने के लिए 10 वॉट का चार्जर दिया गया है। ये फोन एंड्रॉयड 8.1 ओरियो पर चलता है। कनेक्टिविटी फीचर्स की बात करें, तो इस फोन में माइक्रो-यूएसबी 2.0, 3.5 एमएम हेडफोन जैक, जीपीएस, वाई-फाई डायरेक्ट और वाई-फाई 802.11 ए/बी/जी/एन जैसे ऑप्शन दिए हैं।


Click it and Unblock the Notifications








