अब स्टेशन पर उतरने से पहले रेलवे बुक करेगा आपकी कैब
अगर आप भारतीय रेलवे से सफर करते हैं, तो आपके लिए एक बढ़िया खबर है। रेल से सफर करने वाले यात्री अब ट्रेन के अलावा स्टेशन पहुंचने के लिए कैब भी बुक कर सकेंगे। बता दें कि इंडियन रेलवे कैटरिंग ऐंड टूरिज़म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने कैब सर्विस प्रोवाइडर कंपनी ओला (Ola) के साथ साझेदारी की है।
इस साझेदारी के तहत पैसेंजर्स अपने लिए आईआरसीटीसी के ऐप से ही ओला कैब बुक कर सकेंगे। यानी अब ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंचने के लिए आपको रेलवे ऐप पर ही कैब बुक करने का ऑप्शन मिलेगा।

रेलवे ने न सिर्फ IRCTC ऐप बल्कि वेबसाइट के साथ भी कैब बुकिंग का फीचर जोड़ दिया है, जिससे ट्रेन के साथ आपकी कैब भी कंफर्म हो सके। साथ ही ओला के सेल्फ सर्विस कियॉस्क से बुकिंग की जा सकेगी। यात्रियों को कैब बुक करते समय ओला मिनी, ओला माइक्रो, प्राइम प्ले और एसयूवी को बुक करने के ऑप्शन नजर आएंगे, जहां से यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से कैब चुन सकता है।

अगर आप सोच रहे हैं कि आप तो ओला ऑटो और शेयर कैब करना पसंद करते हैं, तो खुश हो जाइए क्योंकि आईआरसीटीसी ऐप पर ओला ऑटो और शेयर कैब का भी ऑप्शन मौजूद है। इस नए फीचर से जुड़े सबसे अच्छी बात ये है कि पैसेंजर्स 7 दिनों पहले से लेकर स्टेशन पहुंचने के बाद तक कैब बुक कर सकेंगे।

साझेदारी के दौरान IRCTC के स्पॉक पर्सन ने कहा, ''आईआरसीटीसी-ओला की साझेदारी यात्रियों को स्टेशन से घर व घर से स्टेशन तक समय पर पहुंचाने में मददगार साबित होगी। हमें भरोसा है यह प्लेटफॉर्म, डिजिटल इंडिया की पहल को और मज़बूती देगा।''
ओला के 'हेड ऑफ एलायेंस' सौरभ मिश्रा ने बताया, ''हमें आईआरसीटीसी के साथ साझेदारी करते हुए गर्व है। लाखों-करोड़ों लोगों को लाने-ले जाने के इस भरोसे को यह कदम और मज़बूती देगा।''
IRCTC ऐप पर ऐसे बुक करें ओला कैब और ऑटो-
- सबसे पहले IRCTC पर लॉग इन करें।
- यहां अपने सभी डिटेल भर दें।
- अब सर्विस सेक्शन पर जाकर 'बुक ए कैब' ऑप्शन चुनें।
- यहां आप जरूरत के हिसाब से ऑटो और कैब चुन सकते हैं।
- अब इसे कंफर्म कर दें और आपकी कैब बुक हो जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications







