प्रीपेड मोबाइल से भी सस्ता हो जाएगा बीएसएनएल फिक्स फोन

बीएसएनएल अब प्री पेड मोबाइल से भी सस्ता होने जा रहा है। अब कोई रेंटल नहीं लगेगा। आप जितनी काल करेंगे उतना ही पैसा लगेगा। पूरे देश में बीएसएनएल का फिक्स फोन कटवाने की लाइन लगी रहती है। बीएसएनएल को भरोसा है कि इससे उसका गिरता बाजार थम जाएगा। नई योजना अप्रैल तक लागू होने की उम्मीद है।
यही नहीं काल रेट भी कम की जाएगी। संचार निगम घट रहे लैंडलाइन उपभोक्ताओं को बढ़ावा देने के लिए अब जितनी कॉल, उतना बिल योजना लांच करने की तैयारी में है। योजना के तहत लैंडलाइन फोन, लाइफ टाइम मोबाइल की तरह कार्य करेंगे। कम हो रहे लैंडलाइन कनेक्शन से कर्मचारियों पर वीआरएस का खतरा बना हुआ है। क्योंकि संचार निगम में कर्मचारियों की तैनाती लैंडलाइन उपभोक्ताओं के आधार पर की जाती है।
कर्मचारी यूनियनों ने तीन माह पूर्व बीएसएनएल प्रबंधन को सुझाव जारी किए थे। इनको प्रबंधन ने लगभग स्वीकार करते हुए मार्च माह में चुनाव के बाद इसकी घोषणा करने की तैयारी की है। बीएसएनएल अब लैंडलाइन फोन पर कोई मंथली रेंट नहीं लेगा। लैंडलाइन और मोबाइल की कॉल दरें एक समान कर दी जाएंगी।
ऐसे में यह लाइफ टाइम मोबाइल की तरह कार्य करेगा। इसके तहत जितनी कॉल होंगी उसी के अनुसार बिल आएगा। इससे लैंडलाइन उपभोक्ताओं को फोन डिस्कनेक्ट नहीं करवाना पड़ेगा। उधर बीएसएनएल ने अपने मोबाइल उपभोक्ताओं को मैसेज भेजकर विदेशों से आने वाले मिस्ड कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी है।
मैसेज में बताया गया है कि उपभोक्ता उन नंबरों के मिस्ड कॉल के जवाब नहीं दे, जिन्हें वे नहीं जानते या फिर जो 12 डिजिट के नंबर है। यदि वह ऐसे कॉल के जवाब भी दे तो यह तय कर ले कि यह वास्तव में उनके रिश्तेदार या मित्र का ही नंबर है, जो कि विदेश में रहते है।
अनजान नंबर को वह वापस डॉयल नहीं करे। क्योंकि ऐसे नंबरों पर बात किए जाने पर उपभोक्ता को आईएसडी कॉल रेट भुगतनी पड़ेगी। जो महंगी है। गौरतलब है तमाम ठग ऐसे ही मिस काल कर देश भर में लोगों को चूना लगा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications