नकली Samsung Galaxy फोन का भंडाफोड़, 500 से ज्यादा जब्त, ऐसे करें पहचान?
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में चल रहे एक बड़े नकली स्मार्टफोन रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यहां अवैध रूप से फर्जी Samsung Galaxy फोन असेंबल कर उन्हें असली बताकर बेचा जा रहा था। करोल बाग इलाके में की गई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 500 से ज्यादा नकली Galaxy स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से चुपचाप काम कर रहा था और उन ग्राहकों को निशाना बना रहा था, जो महंगे फ्लैगशिप फोन बेहद कम दाम में खरीदने की तलाश में रहते हैं।

कैसे तैयार किए जाते थे नकली Galaxy फोन?
जांच में सामने आया है कि आरोपी मदरबोर्ड, कैमरा मॉड्यूल, बैटरी और फोन फ्रेम जैसे अहम पार्ट्स चीन समेत विदेशी सप्लायर्स से मंगवाते थे। इसके बाद इन पार्ट्स को स्थानीय स्तर पर असेंबल कर ऐसे फोन तैयार किए जाते थे, जो देखने में बिल्कुल असली Samsung Galaxy डिवाइस जैसे लगते थे। कई मामलों में फोन बनाने के लिए पुराने या जनरल पार्ट्स का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि लागत कम रहे और मुनाफा ज्यादा हो सके।
ऐसे होता था फर्जी खेल?
फोन को असली दिखाने के लिए गिरोह फर्जी IMEI स्टिकर लगाता था, जिन पर Made in Vietnam लिखा होता था। इससे ग्राहकों को लगता था कि ये फोन असली इम्पोर्टेड Samsung डिवाइस हैं और टेलीकॉम नेटवर्क की शुरुआती जांच से भी ये बच जाते थे।
₹1 लाख का फोन ₹40 हजार में
जहां असली Samsung Galaxy Ultra और फोल्डेबल फोन की कीमत भारत में ₹1 लाख से ज्यादा होती है, वहीं नकली फोन को यह गिरोह ₹35,000 से ₹40,000 के बीच बेच रहा था। इतनी कम कीमत देखकर कई ग्राहक इसे डिस्काउंट डील समझकर खरीद लेते थे, जबकि हकीकत में वे फर्जी फोन का शिकार बन रहे थे। पुलिस का कहना है कि too good to be true कीमतें ही इस रैकेट का सबसे बड़ा हथियार थीं।
रेड में क्या-क्या जब्त हुआ?
करोल बाग में की गई रेड के दौरान पुलिस ने 512 नकली Samsung Galaxy फोन, सैकड़ों ढीले इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स, पैकेजिंग मटीरियल स्टिकर और असेंबली में इस्तेमाल होने वाले टूल्स जब्त किए हैं। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस को शक है कि इस गिरोह का नेटवर्क सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं था और ऐसे नकली फोन पहले से ही अन्य शहरों के बाजारों में भी बिक चुके हो सकते हैं। खासतौर पर अनऑथराइज्ड दुकानों और ऑनलाइन लिस्टिंग के जरिए इन्हें बेचे जाने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस की ग्राहकों को चेतावनी
- इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है।
- महंगे फोन सिर्फ अधिकृत स्टोर्स से ही खरीदें।
- फोन का IMEI नंबर आधिकारिक वेबसाइट पर चेक करें।
- बेहद सस्ते ऑफर्स से सतर्क रहें।
- बहुत सस्ता दिखने वाली डील से बचें।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और पार्ट्स की सप्लाई चेन व पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications








