फेसबुक के मालिक मार्क ज़करबर्ग बने दुनिया के तीसरे सबसे अमीर आदमी
फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क ज़करबर्ग, बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन वारेन बफे को पछाड़कर दुनिया के तीसरे सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। इस तरह से इन्होंने यह साबित कर दिया कि टेक्नोलॉजी का सही इस्तेमाल कर दुनिया में कुछ भी नामुमकिन नहीं है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, ज़करबर्ग दुनिया के सबसे धनी लोगों की लिस्ट में केवल Amazon.com के फाउंडर जेफ बेजोस और माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स से ही पीछे हैं और यह सब शुक्रवार को हुआ, जब अचानक से फेसबुक के शेयर में 2.4 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला और उनकी सम्पत्ति में बढ़ौतरी हो गई, जिससे पल भर में शेयर मार्केट के मैजिशियन कहे जाने वाले वारेन बफे पीछे हो गए।

सबसे खास बात तो यह है कि यह पहली बार है कि रैंकिंग के तीन सबसे धनी लोगों ने टेक्नोलॉजी की मदद से अपनी तकदीर बदल डाली। मार्क ज़करबर्ग की उम्र सिर्फ 34 साल है और फिलहाल इनकी कुल सम्पत्ति 8160 करोड़ डॉलर (5.55 लाख करोड़ रुपये) है। वहीं बर्कशायर हैथवे इंक के चेयरमैन और चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर 87 साल के वारेन बफे से उनकी सम्पत्ति लगभग 2,565 करोड़ रुपये ज़्यादा है।
डेटा लीक मामले में जकरबर्ग का हुआ था नुकसान
सोशल नेटवर्किंग जाएंट कहे जाने वाले जकरबर्ग की कंपनी फेसबुक पर इन्वेस्टर्स का भरोसा तेजी से बढ़ता जा रहा है, हालांकि बीच में फेसबुक के सह-संस्थापक को मुश्किल हालातों का भी सामना करना पड़ा था। कुछ ही महीने पहले डेटा लीक मामले की वजह से इन्वेस्टर्स का भरोसा फेसबुक से डगमगाया भी था, जिसके कारण फेसबुक के शेयर में 8 महीनों में सबसे भारी गिरावट देखने को मिली थी और फेसबुक के शेयर 15 फीसदी तक लुढ़क गए थे। जिसके कारण ज़करबर्ग अमीरों की लिस्ट में 7वें पायदान पर खिसक गए थे। हालांकि कम्पनी ने डेटा लीक मामले में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए और एक बार फिर से इन्वेस्टर्स का भरोसा जीत लिया। जिसकी वजह से अब फेसबुक के शेयर्स में तेजी का सिलसिला जारी है।
99% फेसबुक शेयर दान देने का वादा
ब्लूमबर्ग इंडेक्स के मुताबिक टेक्नोलॉजी से जुड़े लोगों की कुल सम्पत्ति 5 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 344 लाख करोड़ रुपये) से ज्यादा है। जो किसी भी अन्य क्षेत्र से ज्यादा है। यह रैंकिंग, दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों को ट्रैक करती है, जो न्यूयॉर्क के ट्रेडिंग डे के बाद हमेशा अपडेट होती है। आपको बता दें कि कभी दुनिया के सबसे अमीर आदमी रह चुके वारेन बफे अपने चैरिटेबल वर्क्स की वजह से सबसे अमीरों की लिस्ट में फिसलते जा रहे हैं। उन्होंने 290 मिलियन बर्कशायर हैथवे क्लास बी के शेयर चैरिटी में दे दिए थे, जिसमें से ज्यादातर गेट्स फाउंडेशन को दिए थे। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, ये शेयर अब 50 बिलियन डॉलर (करीब 3.44 लाख करोड़ रुपये) के हो गए हैं। ज़करबर्ग ने भी अपने लाइफटाइम में 99 प्रतिशत फेसबुक शेयर दान देने का वचन दिया है।


Click it and Unblock the Notifications