इस काम के बदले Google दे रहा है 1000 डॉलर का ईनाम
गूगल ने गुरुवार को एक चैलेंज का ऐलान किया है। अगर कोई भी हैकर, सिक्योरिटी एक्सपर्ट एंड्रॉइड ऐप्स में कोई कमी ढूंढ निकालता है, तो उसे कम से कम 1000 यूएस डॉलर यानी करीब 65 हजार रुपए ईनाम के तौर पर दिए जाएंगे। बता दें कि 65000 रुपए का ईनाम मिनिमम है, यानी बड़ी कमी निकालने पर इससे ज्यादा पैसों का ईनाम मिल सकता है। इस चैलेंज के पीछे गूगल का मकसद प्ले स्टोर से पूरी तरह से बग्स को खत्म करना है।

कई सिक्योरिटी एक्सपर्ट के मुताबिक, गूगल प्ले स्टोर पर ऐपल ऐप स्टोर के मुकाबले कहीं ज्यादा मैलवेयर और फेक ऐप जैसी समस्याएं है। गूगल ने इसके लिए हैकरवन नाम की प्रोग्राम मैनेजमेंट वेबसाइट के साथ मिलकर काम करेगी। ये वेबसाइट ऐसे ऐप्स और कमियों की लिस्ट बनाएगी, जिसमें हैकर यूजर को फिशिंग वेबसाइट की तरफ भेज देते हैं या ऐप के जरिए गैजेट में वायरस पहुंचाते है।
गूगल प्ले ऐप्स ऐंड गेम्स के प्रॉडक्ट मैनेजमेंट डायरेक्टर विनीत बुच ने एक इंटरव्यू में कहा, 'किसी इंसान की एक क्रिएटिव हैक पकड़ने की क्षमता की बराबरी कोई सॉफ्टवेयर स्कैन नहीं कर सकता। हमें अपने ऐप्स से ज्यादा फिक्र पूरे ईकोसिस्टम में होने वाली खराबियों की रहती है। यह वैसा ही है कि आपने किसी खोए हुए इंसान के सिर पर ईनाम रखा हो। एक ऐसा इंसान जिसे आप जानते भी नहीं।'
बता दें कि हाल ही में फेसबुक ने स्लैक की तरह एक ऑफिशियल चैटिंग ऐप पेश किया है, जिसे वर्कप्लेस नाम दिया है। पुणे में रहने वाली एक भारतीय महिला ने इस ऐप में एक खामी ढूंढ निकाली थी। इसके बाद फेसबुक ने वर्कप्लेस ऐप में खामी को स्वीकार करते हुए महिला को ईनाम देने का ऐलान किया था।


Click it and Unblock the Notifications