गर्मी से राहत दिलाएगी सरकार की ये स्कीम! पुराने के बदले मिलेगा नया AC, साथ में सब्सिडी और छूट भी?
Government AC scheme: जैसे-जैसे देश में तापमान चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे बिजली की खपत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। हर साल करोड़ों लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एयर कंडीशनर खरीद रहे हैं, लेकिन पुराने और कम स्टार रेटिंग वाले AC बिजली की खपत को कई गुना बढ़ा रहे हैं।
ऐसे में अब केंद्र सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है, जिससे न केवल आपकी जेब पर बोझ कम होगा, बल्कि देश की बिजली व्यवस्था को भी राहत मिलेगी। बिजली की खपत को कम करने के लिए सरकार नई इंसेंटिव स्कीम ला सकती है।

सरकार ला रही नई इंसेंटिव स्कीम!
बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार और ऊर्जा मंत्रालय एक ऐसे वित्तीय प्रोत्साहन योजना (Incentive Scheme) पर काम कर रहे हैं, जिसके तहत उपभोक्ताओं को अपने पुराने और कम एफिशिएंसी वाले एयर कंडीशनर को 5-स्टार रेटेड नए AC से बदलने पर छूट और रिबेट दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य बिजली की खपत को घटाना, उपभोक्ताओं का बिल कम करना और देश में एनर्जी एफिशिएंट टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देना है।
क्यों जरूरी है AC अपग्रेड करना?
पिछले कुछ वर्षों में देश में एयर कंडीशनर्स की मांग तेजी से बढ़ी है। साल 2021-22 में जहां 84 लाख यूनिट्स बिके थे, वहीं 2023-24 में यह आंकड़ा 1.1 करोड़ तक पहुंच गया। यह वृद्धि तापमान में बढ़ोतरी के कारण देखने को मिली। हालांकि, इस बढ़ती मांग के साथ बिजली की खपत भी बहुत बढ़ गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में इमारतों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली कुल बिजली में से 25% सिर्फ कूलिंग यानी AC जैसी चीजों में जाती है।
पुराने AC बढ़ा रहे हैं बिजली बिल
भारतीय घरों में ज्यादातर पुराने AC की रेटिंग 3-स्टार से भी कम है। ऐसे में ये नए 5-स्टार एसी की तुलना में बहुत ज्यादा बिजली खर्च करते हैं। BEE (Bureau of Energy Efficiency) का अनुमान है कि एक पुराना AC बदलकर अगर कोई नया 5-स्टार वाला लगवाता है, तो वह सालाना करीब 6,300 रुपये की बचत कर सकता है। साथ ही पावर ग्रिड पर भी लोड घटेगा, खासकर गर्मी के पीक सीजन में।
स्कीम कैसे काम करेगी?
रीसाइकलिंग के जरिए बायबैक
उपभोक्ता अपने पुराने AC को सर्टिफाइड रीसाइक्लर को देकर एक प्रमाण पत्र ले सकेंगे, जिसे नया AC खरीदते समय छूट पाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
मैन्युफैक्चरर की तरफ से छूट
एयर कंडीशनर बनाने वाली कंपनियां पुराने यूनिट के बदले में नए 5-स्टार मॉडल्स पर इंस्टेंट डिस्काउंट दे सकती हैं।
बिजली बिल में रिबेट
बिजली वितरण कंपनियों (DISCOMs) के साथ साझेदारी करके सरकार बिल में रिबेट देने का विकल्प भी ला सकती है, जिससे अपग्रेड करने वालों को सीधा फायदा मिलेगा।
उद्योग जगत की राय और अगले कदम
सरकार इस योजना को सफल बनाने के लिए Voltas, Blue Star, LG, Samsung और Lloyd जैसी बड़ी कंपनियों से बातचीत कर रही है। इससे स्कीम की रणनीति, डिस्काउंट स्ट्रक्चर, पुराने AC की कलेक्शन प्रक्रिया और रीसाइक्लिंग नियमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दिल्ली में चल रही है ऐसी ही एक स्कीम
दिल्ली की बिजली वितरण कंपनी BSES पहले से ही एक योजना चला रही है, जिसके तहत उपभोक्ता पुराने (3 स्टार तक) AC को बदलकर नया 5-स्टार या इनवर्टर AC खरीद सकते हैं और 60% तक की छूट पा सकते हैं। एक उपभोक्ता एक CA नंबर पर तीन AC तक बदल सकता है। अगर आप भी इस गर्मी पुराने AC से निजात पाकर बिजली बिल में राहत चाहते हैं, तो सरकार की यह योजना आपके लिए एक सुनहरा मौका हो सकती है।
BEE स्टार रेटिंग का मतलब क्या होता है?
BEE किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि को 1 से 5 स्टार के बीच रेटिंग देती है।
⭐ 1 स्टार: सबसे कम एनर्जी एफिशिएंट (यानी सबसे ज्यादा बिजली खर्च करता है)
⭐⭐⭐⭐⭐ 5 स्टार: सबसे ज्यादा एनर्जी एफिशिएंट (यानि बहुत कम बिजली खर्च करता है)


Click it and Unblock the Notifications








