Fake Alert: सरकार ने किया TikTok की वापसी से इनकार, भारत में अब भी लागू है बैन
भारत सरकार ने साफ किया है कि चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म TikTok को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कुछ यूजर्स डेस्कटॉप ब्राउजर पर TikTok की वेबसाइट एक्सेस कर पा रहे हैं, जिससे इसकी संभावित वापसी की अटकलें लगाई जाने लगी थीं।
लेकिन सरकार से जुड़े सूत्रों ने PTI को बताया भारत सरकार ने TikTok को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। इस तरह की खबरें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं।

जून 2020 में लगा था बैन
आपको बता दें, जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में सीमा विवाद के बाद भारत सरकार ने TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स पर बैन लगाया था। सरकार ने उस समय कहा था कि ये ऐप्स देश की "संप्रभुता और अखंडता" के लिए खतरा हैं। उस लिस्ट में WeChat, Weibo, Clash of Kings और CamScanner जैसे ऐप्स भी शामिल थे। बाद में यह सूची और भी बड़ी कर दी गई थी।
डाटा सुरक्षा पर जताई गई थी चिंता
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने उस वक्त बयान जारी कर कहा था कि इन ऐप्स को लेकर कई शिकायतें मिली हैं कि ये यूजर्स के डाटा का दुरुपयोग कर रहे हैं और जानकारी भारत से बाहर स्थित सर्वर्स पर भेजी जा रही है।
मंत्रालय ने कहा था कि इन डाटा का संकलन, माइनिंग और प्रोफाइलिंग, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की रक्षा के लिए शत्रुतापूर्ण तत्वों द्वारा किया जा रहा है, संप्रभुता और अखंडता के लिए बेहद गंभीर और तात्कालिक चिंता का विषय है। यही वजह है कि आपातकालीन कदम उठाने पड़े।
भारत TikTok का बड़ा बाजार
बैन के समय TikTok के भारत में 12 करोड़ से ज्यादा यूजर्स थे, जिससे यह कंपनी के लिए दुनिया का सबसे अहम बाजार बन गया था। बैन के बाद TikTok ने कहा था कि वह यूजर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार के साथ सहयोग करने को तैयार है। हालांकि, इसके बाद कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।


Click it and Unblock the Notifications








