कोरोना वायरस को ट्रैक करने के लिए भारत सरकार ने लॉन्च किया "Aarogya Setu" App
कोरोना वायरस अपना पैर काफी तेजी से फैलाता जा रहा है। भारत में इस बीमारी से संक्रमित लोगों की संख्या 2000 के पार पहुंच चुकी है। ऐसे में इस बीमारी से पार पाना काफी मुश्किल हो रहा है। भारत के कई इलाकों में बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो इस वक्त कोरोना से संक्रमित है और उनका पता लगाना मुश्किल हो रहा है।

इस वजह से दिन-प्रतिदिन रोज कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इस समस्या से निजात पाने के लिए भारत सरकार ने एक नया ऐप बनाया है। यह एक COVID-19 ट्रैकिंग ऐप है। यह भारत सरकार का आधिकारिक ऐप है। इस ऐप का नाम Aarogya Setu है।
National Informatics Centre ने बनाया ऐप
इस ऐप को भारत सरकार ने कल यानि 2 अप्रैल को लॉन्च किया है। ये ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म के लिए उपलब्ध है। इस ऐप को National Informatics Centre द्वारा तैयार किया गया है। National Informatics Centre इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत आता है।
इस ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि इस ऐप का उद्देश्य लोगों को कोरोना वायरस के बारे में सही जानकारी पहुंचाना है। Aarogya Setu App ऐप लोगों को यह जानने में मदद करेगा कि उन्हें कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा है या नहीं है। इसके अलावा इस ऐप से यह भी पता चल पाएगा कि ऐप यूज़ करने वाला व्यक्ति जाने-अनजाने में पिछले कुछ महीनों के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है या नहीं।

11 भाषाओं में उपलब्ध ऐप
इस ऐप के बारे में बताएं तो आपको बता दें कि इस ऐप को हिंदी और अंग्रेजी समेत 11 अलग-अलग भाषाओं में अभी लॉन्च किया गया है। हालांकि शायद जल्द ही इस ऐप को अन्य भाषाओं का भी सपोर्ट दिया जाएगा। इस ऐप का इस्तेमाल करने के लिए पहले इस ऐप को डाउनलोड करके, उसमें अपना मोबाइल नंबर डालकर रजिस्टर करें और उसके बाद ये ऐप यूज़र्स से क्रेडेनशियल प्रोसेस की मांग करता है, जो कि वैकल्पिक है।
इस ऐप की सुरक्षा के बारे में सरकार ने दावा किया है कि ये ऐप पूरी तरह से इनकरिप्टेड है और इसमें अपलोड की गई यूज़र्स की जानकारी किसी थर्ड पार्टी ऐप के साथ साझा नहीं की जाएगी। इस ऐप के होम स्क्रीन पर जाने के बाद ये आपकी लोकेशन को ट्रैक करेगा और बताएगा कि वह स्थान सुरक्षित है या नहीं है। इसके अलावा एंड्रॉयड फोन यूज़ करने वाले यूज़र्स इस ऐप में स्वास्थ्य मंत्रालय के लाइव ट्वीट भी पढ़ सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications








