अब बिना कैश के Railway रिजर्वेशन काउंटर पर बुक होंगे टिकट
भारत में कैशलैश ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए रेल मंत्रालय ने एक शानदार पहल की है। 1 दिसंबर से देशभर के 3000 से ज्यादा रेलवे आरक्षण केन्द्रों पर भीम ऐप और UPI ऐप से भुगतान किया जा सकेगा। रेल मंत्रालय ने इसके लिए पहले ही एक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस सर्विस के तहत टिकट काउंटर पर टिकट खरीदते समय नकद भुगतान नहीं करना होगा और यूपीआई भीम ऐप के जरिए भुगतान किया जा सकेगा। बता दें कि पूरे भारत में रेलवे के करीब 14000 टिकट काउंटर्स हैं, जिनसे टिकट खरीदे जा सकते हैं।

रेलवे ने सभी टिकट काउंटर पर POS मशीन उपलब्ध करा दी है, जिसके जरिए डेबिट और क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, अब भारतीय रेलवे भीम यूपीआई ऐप के जरिए पेमेंट प्राप्त करने के लिए तैयार है। इस पेमेंट पर किसी तरह का अतिरिक्त चार्ज नहीं लगाया जाएगा।
याद हो कि सरकार ने कुछ समय पहले ही कैशलैस ट्रांजेक्शन के लिए सरकारी ऐप भीम लॉन्च किया था। इस ऐप पर काफ़ी कम शुल्क कैश ट्रांसफर किया जा सकता है। भारत में हर रोज करीब 15 लाख रिजर्व टिकट बुक किए जाते हैं। इनमें से आरक्षण केंद्रों पर करीब 6 लाख टिकट बुक होते हैं।
रिजर्वेशन काउंटर पर पहुंचकर 97 फीसदी लोग नकद भुगतान से टिकट खरीदते हैं, जबकि सिर्फ 3 परसेंट लोग ही डिजिटल पेमेंट अपनाते हैं। ऐसे में रेल मंत्रालय की कैशलैश भुगतान के लिए शुरू की गई ये सर्विस न सिर्फ यात्रियों को बल्कि अधिकारियों के लिए भी मददगार होगी।


Click it and Unblock the Notifications








