ऑनलाइन फूड का रिफंड मांगना पड़ा महंगा, लगा 4 लाख रुपए का चूना
अगर आप ऑनलाइन फूड ऑर्डर करते हैं तो इस ख़बर को ध्यान से पढ़ें। दरअसल, लखनऊ के एक शख्स को ऑनलाइन फूड का रिफंड मांगना काफी महंगा पड़ गया। रिफंड के चक्कर में उस व्यक्ति को 4 लाख रूपए गंवाने पड़े। भारत में ऑनलाइन फ्रॉड के किस्से लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

सरकार और आरबीआई तो इसे लेकर काफी सचेत है लेकिन हमारी एक छोटी सी गलती हमें काफी महंगी पड़ सकती है। लेटेस्ट ख़बर के मुताबिक निशांत (बदला हुआ नाम) गोमतीनगर के विराट खंड में रहता है। किसी ऑनलाइन ऐप के ज़रिए ऑनलाइन फूड ऑर्डर किया।
खाना डिलीवर होने के बाद, उसे फूड क्वॉलिटी पसंद नहीं आई। जिसकी शिकायत करने और रिफंड के लिए उसने कस्टमर सर्विस से कॉन्टेक्ट करना चाहा। निशांत ने इंटरनेट की मदद से एक नंबर निकाला और उसपर कॉल किया। निशांत ने जो नंबर मिलाया था उसे किसी व्यक्ति ने उठाया और खुद को ऑनलाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म का कस्टोमर केयर कर्मचारी बताया। बाद में पता चला कि जिस नंबर पर निशांत ने कॉन्टेक्ट किया था, वो नंबर फेक था।
4 लाख का लगा चूना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फेक कर्मचारी ने निशांत को एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। निशांत ने बताई गई ऐप को डाउनलोड किया। उसके बाद उस व्यक्ति ने निशांत को सेविंग बैंक अकाउंट में भी लॉग-इन करने को कहा। निशांत ने फेक कर्मचारी की बात मानते हुए अपने अकाउंट की डिटेल एंटर की जिसके बाद उसे एक ओटीपी रिसीव हुआ।
व्यक्ति ने निशांत से ओटीपी की डिमांड की और कहा कि ओटीपी भरने से उसके अकाउंट में रिफंड आ जाएगा। निशांत ने फेक कर्मचारी को ओटीपी दे दिया। जिसके बाद उसके अकाउंट से 4 लाख रूपए गायब हो गए। पुलिस का कहना है कि उस ऐप के डाउनलोड करने से कर्मचारी के पास निशांत के फोन का एक्सेस आ गया था। जिसकी वजह से उसके अकाउंट से पैसे निकाल लिए गए। पुलिस का कहना है कि उन्होंने इस मामले की जानकारी साइबर सेल को दे दी है और साइबर सेल आरोपी कर्मचारी को ट्रेस करने में जुटी है।


Click it and Unblock the Notifications








